अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे मैच खेलेंगे रोहित शर्मा? BCCI ने इस वजह से दिया अल्टीमेटम

IND vs AFG: भारत जल्द ही अफगानिस्तान के खिलाफ एक टेस्ट और तीन वनडे मैचों की सीरीज खेलेगा। टेस्ट मैच 6 जून से और वनडे सीरीज 13 जून से शुरू होगी। वनडे टीम में रोहित शर्मा और हार्दिक पांड्या को शामिल किया गया है, लेकिन उनका खेलना फिटनेस मंजूरी पर निर्भर करेगा

अपडेटेड Jun 03, 2026 पर 4:38 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
IND vs AFG: बीसीसीआई ने हार्दिक पांड्या और रोहित शर्मा दोनों को सीओई में रिपोर्ट करने के निर्देश दिए हैं

भारतीय टीम को जल्द ही अफगानिस्तान के खिलाफ एक टेस्ट और तीन वनडे मैचों की सीरीज खेलनी है। इस दौरे की शुरुआत 6 जून से होने वाले एकमात्र टेस्ट मैच के साथ होगी। इसके बाद दोनों टीमें 13 जून से वनडे सीरीज में आमने-सामने होंगी। टेस्ट और वनडे सीरीज के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) पहले ही टीमों का ऐलान कर चुका है। वहीं फैंस इस मुकाबले में रोहित शर्मा और विराट कोहली की मैदान पर वापसी का इंतजार कर रहे हैं। वनडे टीम में रोहित शर्मा और हार्दिक पांड्या को शामिल किया गया है, लेकिन उनका खेलना उनकी फिटनेस रिपोर्ट पर निर्भर करेगा।

बोर्ड की ओर से साफ किया गया है कि दोनों खिलाड़ियों को अंतिम मंजूरी मिलने के बाद ही मैदान पर उतरने का मौका मिलेगा। फिटनेस मंजूरी के लिए बीसीसीआई ने दोनों खिलाड़ियों को बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिपोर्ट करने के निर्देश दिए थे।

जल्द ही सीओई जाएंगे हार्दिक


TOI की रिपोर्ट के अनुसार, हार्दिक पांड्या जल्द ही बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) पहुंचने वाले हैं। उम्मीद है कि वह अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम से जुड़ने से पहले वहां करीब एक सप्ताह बिताएंगे। रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि बीसीसीआई ने हार्दिक पांड्या और रोहित शर्मा दोनों को सीओई में रिपोर्ट करने के निर्देश दिए हैं। हालांकि, भारतीय ओपनर रोहित शर्मा की स्थिति को लेकर फिलहाल कोई नई जानकारी सामने नहीं आई है।

ये खिलाड़ी कराएंगे प्रैक्टिस

अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाले टेस्ट मैच से पहले भारतीय टीम प्रबंधन ने जम्मू-कश्मीर के युवा गेंदबाज सीमर औकिब नबी डार समेत सात खिलाड़ियों को नेट्स में प्रैक्टिस कराने के लिए बुलाया है। ये भारत का इस साल का पहला टेस्ट मुकाबला होगा, इसलिए टीम तैयारी में कोई कमी नहीं छोड़ना चाहती। औकिब नबी डार को टेस्ट टीम में जगह नहीं मिलने पर कई लोगों ने सवाल भी उठाए हैं। वहीं, अफगानिस्तान के बल्लेबाज़ों के खिलाफ स्पिन की तैयारी को मजबूत करने के लिए उत्तर प्रदेश के लेग स्पिनर जीशान अंसारी को भी नेट गेंदबाज के रूप में बुलाया गया है। जीशान हाल ही में आईपीएल में सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से खेलते नजर आए थे।

अफगानिस्तान के खिलाफ भारत की वनडे टीम: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उप-कप्तान), केएल राहुल (विकेट-कीपर), ईशान किशन (विकेट-कीपर), हार्दिक पांड्या, नीतीश कुमार रेड्डी, वाशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, प्रिंस यादव, गुरनूर बराड़, हर्ष दुबे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।