5 स्टार होटल या गेम्स विलेज... एशियन गेम्स में कहां रहेंगी भारतीय टीम? BCCI ने दी बड़ी जानकारी

जापान में होने वाले एशियन गेम्स 2026 से पहले भारतीय क्रिकेटरों के रहने को लेकर लगातार सवाल उठ रहे थे। इसी बीच BCCI ने साफ किया कि भारतीय खिलाड़ी आयोजकों की ओर से तय किए गए होटल में ही रुकेंगे। बोर्ड के मुताबिक, होटल फाइव-स्टार नहीं हैं, लेकिन खिलाड़ियों के लिए सुविधाजनक और आरामदायक इंतजाम किए गए हैं

अपडेटेड Sep 08, 2026 पर 10:42 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
BCCI ने कहा कि फिलहाल की व्यवस्था से बोर्ड और खिलाड़ी संतुष्ट हैं

जापान में होने वाले वाले एशियन गेम्स 2026 से पहले भारतीय क्रिकेट टीमों के ठहरने और सुविधाओं को लेकर मामला चर्चा में है। ऐसी खबरें थी की आयोजकों के दिए गए होटल से BCCI खुश नहीं है। वहीं अब हाल में में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने इस पर रिएक्शन दिया है। BCCI ने साफ किया कि जापान में होने वाले 2026 एशियन गेम्स के दौरान भारतीय क्रिकेटर आयोजकों की ओर से तय किए गए होटल में ही ठहरेंगे। नागोया में अच्छे होटलों की कमी के कारण खिलाड़ियों के ठहरने को लेकर सवाल उठ रहे थे। लेकिन BCCI ने कहा कि फिलहाल की व्यवस्था से बोर्ड और खिलाड़ी संतुष्ट हैं। होटल भले ही फाइव-स्टार नहीं हैं, लेकिन खिलाड़ियों के लिए सुविधाजनक और आरामदायक इंतजाम किए गए हैं।

अलग ने नहीं मिलेगा होटल

बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने PTI को बताया, “ऑर्गनाइजर खिलाड़ियों के लिए जो रहने की व्यवस्था कर रहे हैं, हम उसी में रुकेंगे। हम लगातार इस बात पर नजर रख रहे हैं कि खिलाड़ियों को किस तरह की सुविधाएं मिल रही हैं, ताकि वे आराम से रह सकें। ये कमरे फाइव-स्टार नहीं हैं, लेकिन रहने के लिए अच्छी व्यवस्था है।” शुक्ला ने आगे कहा, “हमारे क्रिकेटरों के लिए जो रहने की व्यवस्था की गई है, उसकी तस्वीरें और वीडियो हमारे पास मौजूद हैं। हमें लगता है कि खिलाड़ियों के लिए यह जगह आरामदायक है। इसलिए वे वहीं ठहरेंगे। अगर वे वहां नहीं रुकते, तो उनके पास ओसाका या टोक्यो में रहने का ऑप्शन था, लेकिन दोनों जगह काफी दूर हैं।”


नागोया में होटल की कमी

शुक्ला ने आगे कहा, “नागोया में होटल की संख्या सीमित होने की वजह से यह चुनौती सामने आई। टोक्यो बुलेट ट्रेन से करीब डेढ़ घंटे की दूरी पर है और ओसाका भी आसानी से पहुंचा जा सकता है। लेकिन एशियन गेम्स में सभी खिलाड़ी एक बड़े परिवार की तरह होते हैं। ऐसे में यह सही नहीं होगा कि कुछ टीमें टोक्यो और कुछ ओसाका में ठहरें। इसलिए हमने फैसला किया है कि सभी खिलाड़ी नागोया में ही होटल में रहेंगे।”

ACC ने लिया ग्राउंड का जायजा

एशियन गेम्स में क्रिकेट खिलाड़ियों के लिए किए गए इंतजामों को लेकर सवाल तब उठे, जब भारत और पाकिस्तान के अधिकारियों ने कथित तौर पर मैदान और अन्य सुविधाओं को लेकर अपनी चिंता जताई। खिलाड़ियों के रहने की व्यवस्था भी इसी चर्चा का हिस्सा बनी। शुक्ला ने माना कि खिलाड़ियों के लिए बेहतर सुविधाओं का मुद्दा पहले से ही महत्वपूर्ण रहा है और इसे लेकर लगातार ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा, “सबसे बड़ी चिंता ग्राउंड, विकेट और ड्रेसिंग रूम को लेकर थी। आयोजकों ने इन सभी चीजों को अब ठीक कर दिया है। एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) की टीम ने वहां जाकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अब वह ग्राउंड, विकेट और ड्रेसिंग रूम से संतुष्ट है। फिलहाल सभी जरूरी इंतजाम ठीक हैं।”

कब होगा भारत का पहला मुकाबला

पुरुष भारतीय टीम 20 सितंबर को टोक्यो के लिए रवाना होगी और 22 सितंबर को जापान के खिलाफ अपना ऐतिहासिक टी20 मुकाबला खेलेगी। जापान क्रिकेट एसोसिएशन के सीईओ नाओकी एलेक्स मियाजी ने खिलाड़ियों के रहने की व्यवस्था पर सफाई दी थी। उन्होंने कहा कि एशियन गेम्स में कई अन्य खेलों के खिलाड़ियों को इससे भी साधारण जगहों पर ठहराया जाएगा, जिनमें क्रूज शिप और कंटेनर होटल भी शामिल हैं। मियाजी के मुताबिक, अगर किसी क्रिकेट टीम को आयोजकों की ओर से दी गई रहने की व्यवस्था पसंद नहीं आती है, तो वह अपने स्तर पर होटल या दूसरी जगह रहने का इंतजाम कर सकती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।