भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने जापान में होने वाले एशियन गेम्स 2026 के लिए 30 खिलाड़ियों की संभावित सूची भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) को भेजी है। इस 30 खिलाड़ियों की संभावित सूची में 2023 में भारत को क्रिकेट का स्वर्ण पदक दिलाने वाली टीम के नौ खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, इस सूची में युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी और श्रेयस अय्यर जैसे बड़े नाम भी मौजूद हैं। वहीं टी20 विश्व कप विजेता कप्तान सूर्यकुमार यादव को इसमें जगह नहीं दी गई है।
एशियन गेम्स- वेस्टइंडीज दौरा एक ही समय
एशियन गेम्स 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक जापान में खेले जाएंगे। इसी दौरान भारत की वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू वनडे और टी20 सीरीज भी होगी, जो 27 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगी। दोनों टूर्नामेंट के समय टकराने के कारण बीसीसीआई को अलग-अलग टीमें बनानी पड़ सकती हैं। इसी वजह से सेलेक्टर्स को खिलाड़ियों का बड़ा समूह तैयार करना होगा, ताकि दो अलग-अलग टी20 टीमों का चयन किया जा सके। माना जा रहा है कि शुभमन गिल वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे टीम की कप्तानी करेंगे, इसलिए उन्हें एशियन गेम्स की संभावित टीम में शामिल नहीं किया गया है।
सूर्या क्यों नहीं हुए शामिल
PTI की रिपोर्ट्स के मुताबिक, सूर्यकुमार यादव को भविष्य की योजनाओं खासकर 2028 ओलंपिक और अगले टी20 विश्व कप को ध्यान में रखते हुए संभावित खिलाड़ियों की सूची में शामिल नहीं किया गया है। इसलिए उनका नाम इस लिस्ट में नहीं होना ज्यादा चौंकाने वाली बात नहीं माना जा रहा है। वहीं इस सूची में ऋतुराज गायकवाड़ का नाम भी शामिल है, जिन्होंने हांगझोउ एशियन गेम्स में भारत को स्वर्ण पदक दिलाने वाली टीम की कप्तानी की थी।
IOA को भेजी गई लिस्ट: यशस्वी जायसवाल, अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन, संजू सैमसन (विकेट कीपर), श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत (विकेट कीपर), हार्दिक पांड्या, रिंकू सिंह, तिलक वर्मा, जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, नीतीश कुमार रेड्डी, प्रसिद्ध कृष्णा, वरुण चक्रवर्ती, अनुकूल रॉय, आयुष बडोनी, हर्ष दुबे, ध्रुव जुरेल, खलील अहमद, ऋतुराज गायकवाड़, रवि बिश्नोई, शाहबाज अहमद, शिवम दुबे, विप्रज निगम निगम, हर्षित राणा, यश ठाकुर, वाशिंगटन सुंदर।