इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की शुरुआत 28 मार्च से होगी। वहीं आईपीएल 19वें सीजन की शुरुआत से पहले बीसीसीआई ने एक बड़ा फरमान जारी किया है। खबरों के अनुसार, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने आईपीएल 2026 से पहले नियमों को और सख्त कर दिया है। अब ट्रेनिंग और मैच के दिन खिलाड़ियों के व्यवहार को लेकर नए दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। वहीं प्रैक्टिस के दौरान परिवार वालों को लेकर गाइडलाइन जारी की है। क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, ये नई गाइडलाइंस हाल ही में सभी टीम मैनेजरों के साथ शेयर की गई हैं।
बीसीसीआई द्वारा बनाए गए नए नियमों में सबसे बड़ा बदलाव ये किया गया है कि अब मैच वाले दिन प्रैक्टिस सेशन पूरी तरह बंद रहेगा। ये फैसला पिच को बेहतर हालत में रखने और पूरे शेड्यूल को सही तरीके से चलाने के लिए लिया गया है। अब टीमों को मैच से पहले तय समय में ही अपनी तैयारी पूरी करनी होगी।
टीम बस से ही आना होगा प्रैक्टिस करने
पिछले साल बीसीसीआई ने 45 दिनों से कम के इंटरनेशनल टूर के दौरान खिलाड़ियों के परिवार के साथ समय बिताने पर कुछ पाबंदियां लगाई थीं। अब इसी तरह का नियम आईपीएल 2026 में भी लागू होता दिख रहा है, जिसमें खिलाड़ियों को ग्राउंड तक आने-जाने के लिए केवल टीम बस का ही इस्तेमाल करने को कहा गया है। नए नियमों के तहत अब ट्रेनिंग के समय खिलाड़ियों के परिवार या दोस्तों को ड्रेसिंग रूम और मैदान में जाने की अनुमति नहीं होगी। मैच देखने के लिए तय हॉस्पिटैलिटी एरिया में ही रहना होगा।
वैसे तो ज्यादातर खिलाड़ी टीम बस से ही आते-जाते हैं, लेकिन कुछ खिलाड़ी अपने शहर में मैच होने पर निजी गाड़ी का इस्तेमाल करते थे, जिस पर अब सख्ती बढ़ सकती है।
वानखेड़े के लिए बनाए गए ये खास प्लान
बीसीसीआई ने अलग-अलग मैदानों के हिसाब से भी नई व्यवस्था की है, खासकर मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में प्रैक्टिस को लेकर खास प्लान बनाया गया है। हर टीम को अभ्यास के लिए दो नेट मिलेंगे और रेंज हिटिंग के लिए एक साइड विकेट दिया जाएगा। अगर दोनों टीमें एक ही समय पर प्रैक्टिस करती हैं, तो उन्हें दो-दो विकेट इस्तेमाल करने की सुविधा दी जाएगी।
प्रैक्टिस एरिया का नहीं कर सकते इस्तेमाल
नए नियमों के तहत टीमों को विरोधी टीम के प्रैक्टिस एरिया का इस्तेमाल करने की अनुमति नहीं होगी, चाहे वह खाली ही क्यों न हो। पिच की निष्पक्षता बनाए रखने और पिचों को ज्यादा इस्तेमाल से बचाने के लिए बीसीसीआई ने ओपन नेट पर भी रोक लगा दी है और किसी टीम को दूसरी टीम के खाली किए गए विकेट पर अभ्यास करने की इजाजत नहीं दी जाएगी। इसके अलावा मैच के दिन मुख्य पिच पर फिटनेस एक्सरसाइज करने पर भी पाबंदी रहेगी, जो पहले से ही लागू नियम है।