Shreyas Iyer: श्रेयस अय्यर की इंजरी पर BCCI ने जारी किया नया अपडेट, जानें कैसी है स्टार बल्लेबाज की तबीयत

Shreyas Iyer: भारतीय उपकप्तान श्रेयस अय्यर की हालत अब स्थिर है और उनकी तबीयत में सुधार हो रहा है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिडनी में खेले गए तीसरे वनडे के दौरान कैच लेते समय उन्हें पेट में गंभीर चोट लगी थी। चोट के बाद उन्हें तुरंत सिडनी के अस्पताल में भर्ती कराया गया था

अपडेटेड Oct 28, 2025 पर 7:31 PM
चोट लगने के तुरंत बाद अय्यर को सिडनी के अस्पताल में भर्ती कराया गया था

Shreyas Iyer: भारतीय वनडे टीम के उपकप्तान श्रेयस अय्यर को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। श्रेयस अय्यर की तबीयत में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है। भारत-ऑस्ट्रेलिया के तीसरे वनडे के दौरान कैच लेते समय श्रेयस अय्यर को चोट लग गई थी। चोट लगने के तुरंत बाद अय्यर को सिडनी के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहीं श्रेयस अय्यर की चोट को लेकर बीसीसीआई ने एक नया अपडेट दिया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने बताया कि श्रेयस अय्यर की हालत स्थिर है और वे सिडनी में डॉक्टरों की निगरानी में हैं।

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिडनी में खेले गए तीसरे और आखिरी वनडे मैच के दौरान फील्डिंग करते समय श्रेयस अय्यर को गंभीर चोट लगी थी। अय्यर के पेट में चोट आई थी, जिससे उनकी स्प्लीन फट गई।

बीसीसीआई ने किया पोस्ट


BCCI ने अपने आधिकारिक बयान में कहा, “श्रेयस अय्यर को 25 अक्टूबर को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे वनडे के दौरान पेट में चोट लगी, जिससे उनकी स्प्लीन फट गई और इंटरनल ब्लीडिंग हुआ।” बयान में आगे कहा गया, “चोट का तुरंत पता चल गया था और ब्लीडिंग को समय रहते रोक लिया गया। फिलहाल श्रेयस की स्थिति स्थिर है और वे डॉक्टरों की निगरानी में हैं। मंगलवार, 28 अक्टूबर को किए गए स्कैन में उनकी हालत में काफी सुधार दिखा है। BCCI की मेडिकल टीम सिडनी और भारत के एक्सपर्ट डॉक्टरों की सलाह के साथ उनकी सेहत पर लगातार नजर रखेगी।”

कैसे लगी श्रेयस को चोट

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे और आखिरी वनडे मैच में हर्षित राणा की गेंद पर ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज एलेक्स कैरी ने एक ऊंचा शॉट खेला जो थर्ड मैन की दिशा में गया। बैकवर्ड पॉइंट पर खड़े श्रेयस अय्यर ने पीछे की ओर दौड़ते हुए शानदार कैच पकड़ा, लेकिन इस दौरान वे जमीन पर गिर गए और उनकी बाईं पसली में चोट लग गई। दर्द बढ़ने पर टीम के फिजियो तुरंत मैदान में आए और अय्यर को बाहर ले गए।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।