बीसीसीआई ने 2025-26 के सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में बड़ा बदलाव करते हुए ए+ ग्रेड को खत्म कर दिया है। पहले 2024-25 सीजन में ए+ कैटेगरी में रोहित शर्मा, विराट कोहली, जसप्रीत बुमराह और रवींद्र जडेजा जैसे बड़े खिलाड़ी शामिल थे। इस श्रेणी में शामिल खिलाड़ियों को सालाना 7 करोड़ रुपये की सैलरी दी जाती थी। इस फैसले के बाद नए कॉन्ट्रैक्ट में बुमराह को ए ग्रेड में रखा गया है, जहां सालाना 5 करोड़ रुपये मिलते हैं। बीसीसीआई के इस फैसले से जसप्रीत बुमराह की सैलरी में 2 करोड़ का नुकसान हुआ है। वहीं खबरों के मुताबिक, बीसीसीआई 2025-26 के सालाना खिलाड़ी कॉन्ट्रैक्ट में बदलाव कर सकता है।
रिपोर्ट के मुताबिक, बीसीसीआई जसप्रीत बुमराह को 2 करोड़ रुपये का अतिरिक्त भुगतान कर सकता है, ताकि उनकी कम हुई सैलरी की भरपाई हो सके। यह फैसला इसलिए लिया जा रहा है ताकि शानदार प्रदर्शन के बावजूद जसप्रीत बुमराह की सैलरी कम न हो और उन्हें पहले जितना ही भुगतान मिलता रहे।
बीसीसीआई कर सकती है कॉन्ट्रैक्ट में बदलाव
TOI की एक रिपोर्ट के मुताबिक, "बोर्ड इस बात पर विचार कर रहा है कि जसप्रीत बुमराह को किस तरह अतिरिक्त भुगतान देकर बैलेंस बनाया जाए। उनकी फीस को 7 करोड़ से घटाकर 5 करोड़ करना सही नहीं माना जा रहा है। इसके अलावा कुछ और खिलाड़ी भी हैं, जो अच्छा प्रदर्शन करने के बावजूद एक ग्रेड नीचे आ गए हैं, इसलिए कॉन्ट्रैक्ट की रकम में बदलाव किया जा सकता है।"
ए+ ग्रेड में थे ये खिलाड़ी
ए+ ग्रेड में आने के लिए खिलाड़ी को तीनों फॉर्मेट में खेलना जरूरी होता था और कम से कम एक फॉर्मेट में उसकी टॉप-10 रैंकिंग भी होनी चाहिए। लेकिन अब हालात ऐसे हो गए हैं कि रोहित शर्मा और विराट कोहली सिर्फ एक फॉर्मेट खेल रहे हैं, वहीं रवींद्र जडेजा टी20 से रिटायर हो चुके हैं। ऐसे में सिर्फ जसप्रीत बुमराह ही इस ग्रेड के लिए योग्य बचे थे। इसी वजह से बोर्ड ने ए+ कैटेगरी को खत्म कर दिया और बुमराह व जडेजा को ए ग्रेड में डाल दिया, जहां सालाना 5 करोड़ रुपये मिलते हैं।
अक्षर की सैलरी में भी हो सकता है बदलाव
रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारत के टी20 टीम के उपकप्तान अक्षर पटेल की सैलरी में भी बदलाव हो सकता है, क्योंकि वह व्हाइट-बॉल क्रिकेट में टीम के अहम खिलाड़ी हैं। हालांकि, बीसीसीआई के तय मानकों पर खरे उतरने के बावजूद उन्हें ग्रेड C में रखा गया है, जहां सालाना 1 करोड़ रुपये मिलते हैं। फिलहाल यह साफ नहीं है कि चयन के नियमों में कोई बदलाव किया गया है या नहीं।
30 खिलाड़ी सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में शामिल
2025-26 सीजन के लिए बीसीसीआई ने हाल ही में 30 खिलाड़ियों को सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में शामिल किया है। इनमें से केवल तीन खिलाड़ी—शुभमन गिल, जसप्रीत बुमराह और रवींद्र जडेजा—को ग्रेड A में रखा गया है, जबकि 11 खिलाड़ी ग्रेड B में हैं और बाकी खिलाड़ियों को ग्रेड C में जगह मिली है।