BCCI Naman Awards 2026: शुभमन गिल से लेकर राहुल द्रविड़ तक...किस खिलाड़ी को मिला कौन सा अवार्ड

बीसीसीआई नई दिल्ली में होने वाले नमन अवॉर्ड्स 2026 समारोह में टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय टीम को सम्मानित करेगा। इस बार आईसीसी खिताब जीतने वाली भारत की पांचों टीमों को एक साथ सम्मान दिया जाएगा। वहीं रोजर बिन्नी, राहुल द्रविड़ और मिताली राज को भी विशेष पुरस्कार दिए जाएंगे। जानें इनके बारे में

अपडेटेड Mar 14, 2026 पर 9:06 PM
इस समारोह में हाल के समय में आईसीसी ट्रॉफी जीतने वाली भारत की अन्य टीमों को भी सम्मान दिया जाएगा

सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय टीम को बीसीसीआई नई दिल्ली में होने वाले नमन अवॉर्ड्स समारोह में सम्मानित करेगा। इस बार के नमन अवॉर्ड्स 2026 की खास बात ये होगी कि हाल ही में आईसीसी खिताब जीतने वाली भारत की पांचों टीमों को एक साथ सम्मान दिया जाएगा। भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने शनिवार को इसकी घोषणा करते हुए बताया कि ऐसा पहली बार होने जा रहा है। वहीं पूर्व दिग्गज रोजर बिन्नी, राहुल द्रविड़ और मिताली राज को भी खास अवार्ड से सम्मानित किया गया है।

आईसीसी खिताब जीतने वाली टीम

इस समारोह में हाल के समय में आईसीसी ट्रॉफी जीतने वाली भारत की अन्य टीमों को भी सम्मान दिया जाएगा। इनमें वनडे वर्ल्ड कप 2025 जीतने वाली भारतीय महिला सीनियर टीम, आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 जीतने वाली पुरुष टीम, अंडर-19 क्रिकेट वर्ल्ड कप 2026 विजेता टीम और महिला अंडर-19 टी20 वर्ल्ड कप 2025 जीतने वाली टीम शामिल हैं।


शुभमन-स्मृति को मिलेगा ये अवॉर्ड

इस बीच बीसीसीआई ने कुछ व्यक्तिगत पुरस्कारों की भी आधिकारिक घोषणा की है, जिनकी चर्चा पहले से हो रही थी। भारत के टेस्ट और वनडे कप्तान शुभमन गिल को 2024-25 सीजन में शानदार प्रदर्शन के लिए बेस्ट इंटरनेशनल क्रिकेटर (पुरुष) का पॉली उमरीगर अवॉर्ड दिया जाएगा। वहीं स्मृति मंधाना को बेहतरीन प्रदर्शन के लिए अपने करियर में पांचवीं बार बेस्ट इंटरनेशनल क्रिकेटर (महिला) का अवॉर्ड दिया जाएगा।

रोजर बिन्नी और राहुल द्रविड़ को मिला ये खास अवार्ड

भारतीय क्रिकेट के पूर्व दिग्गज रोजर बिन्नी और राहुल द्रविड़ को कर्नल सी.के. नायडू लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा, जो बीसीसीआई का सबसे बड़ा सम्मान माना जाता है। वहीं भारत की पूर्व कप्तान मिताली राज को महिलाओं के लिए दिए जाने वाले बीसीसीआई लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से नवाजा जाएगा। ये सम्मान भारतीय क्रिकेट में उनके लंबे और शानदार योगदान के लिए दिया जा रहा है।

इन्हें मिलेगा ये खास अवॉर्ड

अन्य पुरस्कार विजेताओं में इरा जाधव को घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन के लिए सर्वश्रेष्ठ महिला क्रिकेटर (डोमेस्टिक) के रूप में जगमोहन डालमिया ट्रॉफी दी जाएगी। वहीं शैफाली वर्मा को सीनियर डोमेस्टिक वनडे फॉर्मेट में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा आयुष म्हात्रे को घरेलू लिमिटेड ओवर टूर्नामेंट में बेहतरीन ऑलराउंडर के लिए लाला अमरनाथ अवॉर्ड मिलेगा, जबकि विदर्भ के खिलाड़ी हर्ष दुबे को रणजी ट्रॉफी में शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए सम्मान दिया जाएगा।

इस सीजन में शानदार प्रदर्शन के लिए मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन को भी खास सम्मान दिया जाएगा। बीसीसीआई के घरेलू टूर्नामेंटों में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले स्टेट एसोसिएशन के रूप में मुंबई को पहचान मिली है। इस सीजन में मुंबई ने चार खिताब अपने नाम किए और दो अन्य टूर्नामेंट में उपविजेता भी रही।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।