भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए टी20 टीम का ऐलान कर दिया है। वहीं इसी के साथ बीसीसीआई ने एशियन गेम्स 2026 के लिए भी भारतीय स्क्वॉड का ऐलान कर दिया है। इस ऐलान में 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी का चयन सबसे ज्यादा चर्चा में है, जिन्हें तीनों टीमों में जगह मिली है। वहीं वैभव के टीम में जगह मिलने से फैंस काफी एक्साईटेड है। वहीं रिपोर्ट्स के अनुसार, बीसीसीआई ने उनकी कम उम्र को देखते हुए उनके माता-पिता को भी इस दौरे पर साथ रहने की अनुमति दे दी है, ताकि उन्हें परिवार का सहयोग और आत्मविश्वास मिल सके।
वैभव के साथ जाएंगे उनके माता-पिता
भारतीय सीनियर टीम में पहली बार चुने गए वैभव जल्द ही आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे पर टीम के साथ जाएंगे। स्पोर्टस्टार की एक रिपोर्ट के अनुसार, बीसीसीआई 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी के पहले सीनियर भारतीय टीम दौरे को खास बनाने की तैयारी में है। रिपोर्ट में दावा किया गया कि, बोर्ड वैभव के माता-पिता को भी आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे पर उनके साथ भेज सकता है। ये वैभव सूर्यवंशी का भारतीय सीनियर टीम में पहला चयन है, इसलिए बोर्ड उनकी सुविधा और समर्थन का विशेष ध्यान रख रहा है।
इससे पहले साल 1989 में जब 16 वर्षीय सचिन तेंदुलकर ने पाकिस्तान दौरे पर भारतीय टीम के लिए अपना पहला अंतरराष्ट्रीय मैच खेला था, तब उनके बड़े भाई अजीत तेंदुलकर भी उनके साथ गए थे। अब कुछ ऐसा ही मौका 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी के सामने है।
बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने स्पोर्टस्टार से कहा, "चूंकि वह अभी बहुत कम उम्र का खिलाड़ी है, इसलिए हमने उसके माता-पिता को भी आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे पर उसके साथ जाने की अनुमति देने का फैसला किया है। इससे वे उसके साथ रह सकेंगे और नए माहौल में खुद को ढालने में उसकी मदद कर पाएंगे।" उन्होंने आगे कहा, "बोर्ड उनके पूरे दौरे का खर्च भी उठाएगा।"
फिलहाल वैभव सूर्यवंशी भारत ए टीम के साथ श्रीलंका में त्रिकोणीय सीरीज में नजर आने वाले हैं। बीसीसीआई का मानना है कि सीनियर टीम के साथ पहले अंतरराष्ट्रीय दौरे पर माता-पिता का साथ मिलने से वैभव को नए माहौल में ढलने और आत्मविश्वास बनाए रखने में मदद मिलेगी।