कब जारी होगा IPL 2026 का शेड्यूल? BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने दी जानकारी

IPL 2026: आईपीएल 2026 का 19वां सीजन 28 मार्च से शुरू होगा। बीसीसीआई सचिव ने बताया कि टूर्नामेंट के पहले 20 दिनों का शेड्यूल अगले 2–3 दिनों में जारी किया जा सकता है, जबकि बाकी मैचों का कार्यक्रम बाद में आएगा

अपडेटेड Mar 10, 2026 पर 4:36 PM
Story continues below Advertisement
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) इस समय आईपीएल की डिफेंडिंग चैंपियन है

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के नए सीजन के शेड्यूल का फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। टूर्नामेंट के 19वें सीजन की शुरुआत 28 मार्च से हो रही है। वहीं बीसीसीआई के सचिव देवजीत सैकिया ने शेड्यूल को लेकर बड़ा अपडेट दिया है। देवजीत सैकिया ने बताया कि नए सीजन के पहले 20 दिनों का शेड्यूल बीसीसीआई अगले दो–तीन दिनों में जारी कर सकता है। वहीं बाकी मैचों का शेड्यूल बाद में जारी किया जाएगा। कुछ राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों की वजह से कार्यक्रम घोषित करने में थोड़ी देरी हुई है।

कब जारी होगा शेड्यूल

ANI से बातचीत में बीसीसीआई के सचिव देवजीत सैकिया ने कहा, “हम कुछ राज्यों में होने वाले चुनावों की तारीखों को ध्यान में रखते हुए अगले 2–3 दिनों में IPL के पहले 20 दिनों के शेड्यूल का ऐलान करेंगे। इसके बाद टूर्नामेंट के बाकी मैचों का कार्यक्रम जारी किया जाएगा।” इस वजह से टूर्नामेंट का पूरा शेड्यूल दो चरणों में जारी किया जाएगा। असम, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और केरल में होने वाले चुनावों को ध्यान में रखते हुए आगे के मैचों की तारीखें बाद में बताई जाएंगी।


चिन्नास्वामी में खेला जा सकता मैच

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) इस समय आईपीएल की डिफेंडिंग चैंपियन है। टीम ने पिछले सीज़न के फाइनल में श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली पंजाब किंग्स को हराकर पहली बार खिताब अपने नाम किया था। हाल ही में कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (KSCA) के सचिव संतोष मेनन ने बताया कि बेंगलुरु का एम चिन्नास्वामी स्टेडियम आईपीएल 2026 में आरसीबी के लीग चरण के पांच मुकाबलों की मेजबानी करेगा। इसके साथ ही इसी मैदान पर टूर्नामेंट का फाइनल और एक प्लेऑफ मैच भी आयोजित किए जाएंगे।

दरअसल, पिछले साल जून में एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में क्रिकेट मैचों को रोक दिया गया था। यह फैसला उस हादसे के बाद लिया गया, जब RCB के खिताब जीतने के जश्न के दौरान भगदड़ मच गई थी, जिसमें 11 लोगों की मौत हो गई थी और कई लोग घायल हो गए थे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।