आईपीएल के 19वें सीजन की शुरुआत 28 मार्च से हो रही है। आईपीएल की शुरुआत से पहले दिल्ली कैपिटल्स को बड़ा झटका लगा है। आईपीएल की शुरुआत से चार दिन पहले इंग्लैंड के ओपनर बेन डकेट ने पर्सनल रीजन की वजह से लीग से हटने का फैसला किया है। दिल्ली कैपिटल्स ने बेन डकेट को 2 करोड़ रुपये के बेस प्राइस पर टीम में शामिल किया था। अब बेन डकेट के नाम वापस लेने के बाद टीम को नए खिलाड़ी की तलाश करनी होगी। दिल्ली कैपिटल्स आईपीएल 2026 की शुरुआत 1 अप्रैल को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ करेगी।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, बेन डकेट के इस फैसले के वजह से उन्हें अगले दो आईपीएल सीजन से बैन किया जा सकता है, जैसा पहले इंग्लैंड के ही खिलाड़ी हैरी ब्रूक के साथ हुआ था, जिन्होंने 2025 सीजन से नाम वापस लिया था।
काफी मुश्किल से लिया फैसला
इंग्लैंड के ओपनर बेन डकेट ने एक इंटरव्यू में बताया कि वह फिलहाल अपने परिवार के साथ समय बिताना चाहते हैं। टेलीग्राफ स्पोर्ट से बात करते हुए बेन डकेट ने कहा, “यह फैसला लेना मेरे लिए काफी मुश्किल था और मैं दिल्ली में सभी से माफी चाहता हूं कि मैं इस बार नहीं आ पाऊंगा।” उन्होंने आगे कहा, “जब मैंने खुद को ऑक्शन में रखा था, तब मुझे लगा था कि ये एक बेहतरीन मौका होगा और दिल्ली जैसी टीम का मुझे चुनना मेरे लिए बहुत खास था। मैं बेहद खुश था। आईपीएल दुनिया की सबसे बड़ी लीग है, जहां सबसे बेहतरीन खिलाड़ी खेलते हैं और यह एक शानदार अनुभव होता है।”
उन्होंने आगे कहा, “मुझे नहीं पता कि मैं आईपीएल को अलविदा कह रहा हूं या नहीं, क्योंकि मैंने इसमें अभी तक खेला ही नहीं है। मेरी उम्र अब 31 साल है, इसलिए ये थोड़ा मुश्किल हो सकता है, लेकिन मुझे उम्मीद है कि एक दिन मैं दिल्ली के लिए खेल पाऊंगा। मैंने इस फैसले पर काफी सोच-विचार किया है और मुझे लगता है कि यह मेरे करियर के लिए सही कदम है।”
फॉर्म वापस करना हासिल करना चाहूंगा
उन्होंने माना कि अभी टीम में अपनी जगह को लेकर वह पूरी तरह निश्चित नहीं हैं, इसलिए वह नॉटिंघमशायर के लिए काउंटी क्रिकेट खेलकर फिर से फॉर्म हासिल करना चाहते हैं। उन्होंने कहा, “मैंने ये फैसला अपनी मर्जी से लिया है। मैंने घर से दूर काफी समय बिताया है और मुझे लगा कि इंग्लैंड के लिए तैयार रहने के लिए सबसे अच्छा यही है कि फिलहाल मैं घर पर रहूं और अपने मन और शरीर को तरोताजा करूं। इससे भी ज्यादा जरूरी है कि मैं नॉटिंघमशायर के लिए कुछ चार दिवसीय मैच खेलूं और पिछली गर्मियों जैसी फॉर्म वापस हासिल करने की कोशिश करूं।”