कौन हैं DC के बल्लेबाज अभिषेक पोरेल? हाई कोर्ट ने रेप के आरोप में दिया गिरफ्तारी का आदेश, जानें पूरा मामला

23 वर्षीय अभिषेक पोरेल घरेलू क्रिकेट में बंगाल और आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलते हैं। वहीं विकेटकीपर-बल्लेबाज अभिषेक पोरेल की मुश्किलें बढ़ गई हैं। महिला के साथ रेप के आरोप में कोलकाता हाई कोर्ट ने अभिषेक की तुरंत गिरफ्तारी के आदेश दिए हैं

अपडेटेड Jul 21, 2026 पर 3:04 PM
अभिषेक पोरेल ने कथित तौर पर महिला को गैरकानूनी तरीके से अपने पास रोके रखा

आईपीएल के दिल्ली कैपिटल्स और बंगाल के लिए खेलने वाले विकेटकीपर-बल्लेबाज अभिषेक पोरेल की मुश्किलें बढ़ गई हैं। एक महिला की ओर से लगाए गए रेप के आरोप से जुड़े मामले में कलकत्ता हाई कोर्ट ने अभिषेक की तत्काल गिरफ्तारी के आदेश दिए हैं। इस मामले के सामने आने के बाद पोरेल कानूनी विवाद में फंस गए हैं और अब आगे की कार्रवाई अदालत के निर्देशों के अनुसार होगी। कलकत्ता हाई कोर्ट ने मामले की जांच के तहत मोगरा पुलिस को अभिषेक पोरेल के मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस जब्त करने का आदेश दिया है। ऐसा इसलिए किया जाए ताकि शिकायत करने वाली महिला की तस्वीरें या वीडियो किसी भी तरह से आगे शेयर न हो सकें। महिला का आरोप है कि क्रिकेटर ने शादी का वादा कर उसके साथ संबंध बनाए और दोनों के निजी पलों की रिकॉर्डिंग भी की।

अदालत ने आदेश में क्या कहा

अदालत के आदेश के मुतबिक, "6 जुलाई, 2026 की रिपोर्ट से पता चलता है कि पिटीशनर से एक पेन ड्राइव/स्टोरेज डिवाइस जब्त किया गया है, जिसमें कुछ डेटा होने की बात सामने आई है। ऐसे में आरोपियों के पास मौजूद इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस जब्त करना जरूरी है, ताकि उनमें मौजूद डेटा किसी अन्य व्यक्ति के साथ शेयर न किया जा सके।"


अदालत ने आगे कहा, "6 जुलाई, 2026 की रिपोर्ट में संबंधित पुलिस अधिकारियों की ओर से आरोपियों को पकड़ने के लिए उठाए गए कदमों का भी उल्लेख किया गया है। लेकिन, अब तक दोनों आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जा सका है। इसलिए संबंधित पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया जाता है कि वे रेस्पोंडेंट नंबर 6 और 7 को पकड़ने के प्रयास जारी रखें और उनके इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस जब्त करें, ताकि उनमें मौजूद आपत्तिजनक सामग्री आगे प्रसारित न हो सके।"

कब हुई थी ये घटना

द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, अभिषेक पोरेल ने कथित तौर पर जनवरी 2023 में शिकायतकर्ता से संपर्क किया था, जिसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई। क्रिकेटर अपने माता-पिता के घर पर नहीं होने के दौरान महिला को मनकुंडू स्थित अपने फ्लैट पर ले गए। शिकायतकर्ता के मुताबिक, पोरेल ने वहीं उसके साथ जबरन फिजिकल रिलेशन बनाए। शिकायत के अनुसार, बाद में दोनों परिवारों के बीच शादी को लेकर बातचीत भी हुई थी। लेकिन, महिला का आरोप है कि बाद में उसे पता चला कि अभिषेक पोरेल के अन्य महिलाओं के साथ भी संबंध थे। इसके बाद दोनों के रिश्ते में विवाद पैदा हो गया और मामला कानूनी कार्रवाई तक पहुंच गया।

महिला को दी गई धमकियां

मोगरा पुलिस थाने में दर्ज एफआईआर के मुताबिक, अभिषेक पोरेल ने कथित तौर पर महिला को गैरकानूनी तरीके से अपने पास रोके रखा, उसे खाना लेने की अनुमति नहीं दी और जानबूझकर उसे दूसरों से अलग-थलग रखा। 2 अप्रैल 2026 को दिल्ली में हुई इस कथित घटना के बाद महिला की शारीरिक हालत बिगड़ गई और वह ठीक से चल भी नहीं पा रही थी। अगले दिन उसकी फ्लाइट तय थी, लेकिन चोटों के कारण उसे तुरंत मेडिकल इलाज कराना पड़ा। एफआईआर में आगे आरोप लगाया गया है कि पोरेल ने अपने एक सहयोगी और एक अन्य मोबाइल नंबर का इस्तेमाल कर महिला को फोन और सोशल मीडिया के जरिए धमकियां भी दीं।

कौन है अभिषेक पोरेल

23 वर्षीय अभिषेक पोरेल पश्चिम बंगाल के चंदननगर से आते हैं और घरेलू क्रिकेट में बंगाल की टीम के लिए खेलते हैं। वह बाएं हाथ के विकेटकीपर-बल्लेबाज हैं, जिन्हें आक्रामक बल्लेबाजी और फुर्तीली विकेटकीपिंग के लिए जाना जाता है। जूनियर स्तर पर भारत अंडर-19 और ईस्ट जोन टीम का हिस्सा बनने के बाद उन्होंने अपनी पहचान बनाई। लगातार अच्छे प्रदर्शन के दम पर पोरेल ने आईपीएल में भी जगह बनाई। आईपीएल में अभिषेक पोरेल दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा है। अभिषेक को दिल्ली में ऋषभ पंत के रिप्लेसमेंट के तौर पर शामिल किया गया था।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।