T20 World Cup: बांग्लादेश के बाद पाकिस्तान भी होगा टी20 वर्ल्ड कप से बाहर! मोहसिन नकवी ने खड़ा किया नया विवाद

T20 World Cup: बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड, भारत में खेलने को लेकर लगातार बहाने बना रहा है। भारत में ना खेलने को लेकर उसके सुरक्षा कारणों का हवाला दिया है। बोर्ड ने ICC से टूर्नामेंट का आयोजन भारत की बजाय श्रीलंका में कराने की मांग भी की थी। हालांकि ICC ने मौजूदा शेड्यूल में किसी तरह का बदलाव करने से इनकार कर दिया

अपडेटेड Jan 24, 2026 पर 7:37 PM
Story continues below Advertisement
Mohsin Naqvi : मोहसिन नकवी ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले नया विवाद खड़ा कर दिया है।

T20 World Cup 2026: पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले नया विवाद खड़ा कर दिया है। नकवी ने कहा कि वर्ल्ड कप से बांग्लादेश के बाहर होने से पाकिस्तान खुश नहीं है और आईसीसी के इस फैसले से सहमति नहीं रखता।उन्होंने कहा कि T20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान की भागीदारी सरकार के फैसले पर निर्भर करेगी। बता दें कि, बांग्लादेश ने T20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए अपनी टीम न भेजने का फैसला किया। ICC ने उसकी जगह स्कॉटलैंड को जगह दी है।

ICC ने ठुकराया बांग्लादेश की मांग

बता दें कि, बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड, भारत में खेलने को लेकर लगातार बहाने बना रहा है। भारत में ना खेलने को लेकर उसके सुरक्षा कारणों का हवाला दिया है। बोर्ड ने ICC से टूर्नामेंट का आयोजन भारत की बजाय श्रीलंका में कराने की मांग भी की थी। हालांकि ICC ने मौजूदा शेड्यूल में किसी तरह का बदलाव करने से इनकार कर दिया। इसके बाद 22 जनवरी को खिलाड़ियों से बातचीत के बाद बांग्लादेश को T20 वर्ल्ड कप 2026 का बहिष्कार करने का फैसला करना पड़ा। बांग्लादेश ने इस मामले को विवाद समाधान समिति के पास भेजने की भी मांग की, लेकिन उनकी आखिरी कोशिश भी नाकाम रही और अपील खारिज कर दी गई।


स्कॉटलैंड को मिली जगह

इसके बाद ICC ने शनिवार, 24 जनवरी को यह फैसला किया कि आगामी टूर्नामेंट में बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को शामिल किया जाएगा। डॉन से बात करते हुए मोहसिन नकवी ने कहा कि ICC को सभी देशों के साथ एक जैसा व्यवहार करना चाहिए। उन्होंने साफ कहा कि बांग्लादेश के साथ गलत हुआ है और उसे टूर्नामेंट में खेलने का मौका मिलना चाहिए। नकवी ने बताया कि उन्होंने ICC की बोर्ड मीटिंग में भी यही बात रखी थी। उनका कहना था कि ICC दोहरे मापदंड नहीं अपना सकता, जहां एक देश को अपनी मर्जी से फैसले लेने की छूट मिले और दूसरे देश के साथ अलग रवैया अपनाया जाए।

पाकिस्तान खेल रहा है डर्टी गेम 

मोहसिन नकवी ने कहा कि इसी वजह से उनका रुख साफ है कि बांग्लादेश के साथ गलत हो रहा है। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश को हर हाल में वर्ल्ड कप खेलने का मौका मिलना चाहिए, क्योंकि वह क्रिकेट का एक अहम हिस्सा है और उसके साथ इस तरह का व्यवहार ठीक नहीं है। जब उनसे पूछा गया कि क्या पाकिस्तान भी बांग्लादेश की तरह T20 वर्ल्ड कप का बहिष्कार करेगा, तो नकवी ने साफ कहा कि इस पर अंतिम फैसला पाकिस्तान सरकार करेगी। उन्होंने बताया कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड सरकार के निर्देशों के अनुसार ही आगे कदम उठाएगा।

मोहसिन नकवी ने कहा कि वर्ल्ड कप में पाकिस्तान की भागीदारी को लेकर वही फैसला माना जाएगा, जो पाकिस्तान सरकार उन्हें बताएगी। उन्होंने कहा कि फिलहाल प्रधानमंत्री देश से बाहर हैं। उनके वापस आने के बाद ही इस मामले पर अंतिम फैसला लिया जाएगा। नकवी ने साफ किया कि यह पूरी तरह सरकार का निर्णय होगा। नकवी ने यह भी कहा कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड सरकार के निर्देशों का पालन करता है, न कि सीधे ICC के फैसलों का। जब उनसे पूछा गया कि अगर पाकिस्तान T20 वर्ल्ड कप नहीं खेलता है, तो क्या कोई दूसरा विकल्प तैयार है, इस पर नकवी ने कहा कि उनके पास कई वैकल्पिक योजनाएं मौजूद हैं। उन्होंने कहा, “पहले फैसला आ जाने दीजिए। हमारे पास प्लान A ही नहीं, बल्कि प्लान B, C और D भी तैयार हैं।”

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।