IND vs PAK: भारत के खिलाफ नॉकआउट मैच भी नहीं खेलेगा पाकिस्तान? कप्तान सलमान आगा ने दिया चौंकाने वाला जवाब

T20 वर्ल्ड कप में 15 फरवरी को होने वाले भारत-पाकिस्तान मैच से पहले पाकिस्तान ने मुकाबले का बहिष्कार करने की बात कही है। इस बीच पाकिस्तान टीम कोलंबो पहुंच चुकी है। मीडिया से बात करते हुए कप्तान सलमान अली आगा ने कहा कि भारत के खिलाफ मैच खेलने का फैसला पाकिस्तान सरकार और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने लिया है

अपडेटेड Feb 05, 2026 पर 6:58 PM
Story continues below Advertisement
पाकिस्तानी सरकार ने नेशनल टीम को ग्लोबल टूर्नामेंट के बाकी मैचों में खेलने की मंजूरी दे दी है

टी20 वर्ल्ड कप में भारत और पाकिस्तान के बीच ग्रुप स्टेज का मुकाबला 15 फरवरी को खेला जाना है। वहीं इस मैच से पहले पाकिस्तान ने इस मुकाबले से हटने और बहिष्कार करने की बात कही है। वहीं इन सब ड्रामे के बीच पाकिस्तान की टीम श्रीलंका के कोलंबो पहुंच गई है। कोलंबो में मीडिया से बात करते समय पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने कहा भारत के खिलाफ मैच खेलने या न खेलने का फैसला टीम के हाथ में नहीं है। सलमान आगा के मुताबिक ये फैसला पाकिस्तान सरकार और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने लिया है और टीम उसका सम्मान करेगी।

भारत-श्रीलंका में होगा टी20 वर्ल्ड कप

पाकिस्तान सरकार ने रविवार, 1 फरवरी को ऐलान किया कि वह 15 फरवरी को कोलंबो में होने वाले भारत के खिलाफ हाई-प्रोफाइल मेन्स T20 वर्ल्ड कप ग्रुप स्टेज मैच का बहिष्कार करेगा। हालांकि पाकिस्तानी सरकार ने नेशनल टीम को ग्लोबल टूर्नामेंट के बाकी मैचों में खेलने की मंजूरी दे दी है, जो शनिवार, 7 फरवरी से शुरू हो रहा है। T20 वर्ल्ड कप 2026 टूर्नामेंट शनिवार से भारत और श्रीलंका के वेन्यू पर शुरू हो रहा है। इस बीच पाकिस्तान के रुख को देखते हुए ICC ने भी एक बयान जारी किया है। इसमें PCB को चेतावनी दी गई है कि इस फैसले का लंबे समय में बड़ा असर पड़ सकता है।


सलमान आगा ने क्या कहा

मीडिया से बात करते हुए पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने कहा, “भारत के खिलाफ मैच हमारे कंट्रोल में नहीं है। यह फैसला सरकार और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड का है और हम उसका सम्मान करते हैं। वे जो भी निर्देश देंगे, हम वही करेंगे।” आगा ने ये भी कहा कि अगर नॉकआउट में भारत और पाकिस्तान की टक्कर होती है, तो उस स्थिति में भी टीम सरकार और PCB के फैसले का ही पालन करेगी। उनके मुताबिक, “अगर सेमीफाइनल या फाइनल में भारत से खेलने की स्थिति बनती है, तो हमें फिर से सरकार और PCB से सलाह लेनी होगी और वही मानना होगा।”

कब होगा पाकिस्तान का मैच

पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा से पिछले वर्ल्ड कप में USA से मिली हार को लेकर सवाल किया गया। इस पर आगा ने कहा, “हां, हम पिछले वर्ल्ड कप में USA से हारे थे, लेकिन वह अब बीती बात है। यह एक नया वर्ल्ड कप है, नई टीम है और नया कॉम्बिनेशन है, जिसे लेकर हम काफी उत्साहित हैं।” पाकिस्तान अपने अभियान की शुरुआत 7 फरवरी को नीदरलैंड्स क्रिकेट टीम के खिलाफ करेगा।

T20 वर्ल्ड कप में बांग्लादेश ने भारत में अपने मैच खेलने पर आपत्ति जताई। बांग्लादेश क्रिकेट टीम ने ICC से मैच श्रीलंका में कराने की मांग की, लेकिन इसे ठुकरा दिया गया। इसके बाद बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड क्रिकेट टीम को टूर्नामेंट में शामिल कर लिया गया।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।