आईपीएल 2026 की शुरुआत 28 मार्च से होने जा रहा है। वहीं बीसीसीआई ने आईपीएल के पहले पेज का शेड्यूल जारी कर दिया है। गुजरात टाइटंस आईपीएल 2026 में अपना पहला मुकाबला 31 मार्च को पंजाब किंग्स के खिलाफ खेलेगी। वहीं इस मुकाबले में सबकी नजर गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल पर टिकी हुई हैं। टी20 वर्ल्ड कप टीम से बाहर होने के बाद अब गिल फ्रेंचाइजी क्रिकेट में वापसी कर रहे हैं। पूर्व भारतीय बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा का मानना है कि ये झटका गिल के लिए फायदेमंद साबित हो सकता है और वह इस सीजन में और भी बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं।
जियोहॉटस्टार पर एक्सपर्ट के रूप में आए भारत के पूर्व बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा ने शुभमन गिल का समर्थन करते हुए कहा कि वह जोरदार वापसी कर सकते हैं। उन्होंने गिल को तीनों फॉर्मेट का बेहतरीन खिलाड़ी बताया और कहा कि अच्छा आईपीएल सीजन उन्हें फिर से भारत की टी20 टीम में जगह दिला सकता है।
चेतेश्वर पुजारा ने कहा, “टी20 वर्ल्ड कप टीम में जगह न मिलने से शुभमन गिल के अंदर और जोश आएगा। वह तीनों फॉर्मेट के बेहतरीन खिलाड़ी हैं। अगर उनका आईपीएल 2026 अच्छा जाता है, तो वह जरूर भारतीय टी20 टीम में अपनी जगह बना लेंगे। वह टेस्ट टीम की कप्तानी कर रहे हैं और वनडे टीम के भी कप्तान हैं। वह मल्टी-फॉर्मेट खिलाड़ी हैं और अगर उनका प्रदर्शन अच्छा रहा, तो उनकी टीम इंडिया में वापसी तय है।”
गिल के लिए आईपीएल हो सकता बेहतरीन
पुजारा ने कहा, “उस पर थोड़ा दबाव जरूर होगा, क्योंकि वह सबसे छोटे फॉर्मेट में भारत की टीम का हिस्सा नहीं रहा है। लेकिन यह उनके लिए एक अच्छा मौका भी है कि वह अपनी बल्लेबाजी को उसी तरह जारी रखे जैसे अब तक करते आए हैं। उसे अपनी बैटिंग में थोड़ी तेजी लाने की जरूरत है, जिस पर वह काम कर रहा है। यह आईपीएल सीजन उसके लिए बेहतरीन मौका है यह दिखाने का कि वह 150 से 160 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी कर सकता है।”
गुजरात टाइटंस है मजबूत दावेदार
गुजरात टाइटंस को लेकर बात करते हुए पुजारा ने उन्हें आईपीएल 2026 का मजबूत दावेदार बताया। उन्होंने कहा, “इस सीजन में जीटी टाइटल जीतने की रेस में आगे दिख रही है। टीम का टॉप ऑर्डर काफी मजबूत है, जिसमें कप्तान शुभमन गिल, साई सुदर्शन और जोस बटलर जैसे बल्लेबाज शामिल हैं। इन तीनों ने लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है और यही टीम की सबसे बड़ी ताकत है।” वहीं आईपीएल 2026 के शुरुआती मैच तय हो चुके हैं और गुजरात टाइटंस 31 मार्च को मुल्लापुर में पंजाब किंग्स के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी।