भारतीय घरेलू क्रिकेट में मिजोरम के 29 वर्षीय बल्लेबाज चिन्मय सुतार ने इतिहास रच दिया है। सुतार ने नागालैंड के खिलाफ 517 गेंदों पर नाबाद 400 रन बनाए। ये मुकाबला सोविमा स्थित नागालैंड क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया। इस पारी के साथ चिन्मय सुतार फर्स्ट क्लास क्रिकेट में एक ही पारी में 400 रन बनाने वाले भारत के दूसरे और दुनिया के 10वें खिलाड़ी बने। इससे पहले भारत के लिए ये रिकॉर्ड करीब 78 साल पहले देखने को मिला था। सुतार से पहले महाराष्ट्र के बीबी निंबालकर ने 1948 में पुणे में नाबाद 443 रन बनाकर यह उपलब्धि हासिल की थी। अब चिन्मय सुतार का नाम भी भारतीय क्रिकेट के इस खास रिकॉर्ड में दर्ज हो गया है।
इस उपलब्धि के साथ चिन्मय सुतार दुनिया में फर्स्ट क्लास क्रिकेट की एक पारी में 400 या उससे ज्यादा रन बनाने वाले दसवें बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने अपनी इस शानदार पारी के दम पर ब्रायन लारा और डॉन ब्रैडमैन जैसे दिग्गज क्रिकेटरों की सूची में जगह बना ली है।
मिजोरम की हुई खराब शुरुआत
मिजोरम की टीम की शुरुआत खराब रही और साहिल रेजा 4 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद लालहुरुआइजेला ने 31 रन और मनेंद्र सिंह ने 27 रन बनाकर टीम का स्कोर आगे बढ़ाया, जबकि जोसेफ लालथनखुमा केवल 1 रन ही बना सके। शुरुआती विकेट गिरने के बाद चिन्मय सुतार ने मोर्चा संभाला और विकेटकीपर जेहू एंडरसन के साथ 168 रन की साझेदारी की। एंडरसन ने 151 गेंदों पर 69 रन बनाए। हालांकि, नागालैंड के गेंदबाजों ने वापसी करते हुए मिजोरम के निचले क्रम के बल्लेबाजों को जल्दी आउट कर दिया। अनिल गुप्ता ने तीन विकेट लिए, जबकि सौरव कुमार और नीजेखो ने दो-दो विकेट हासिल किए।
इससे मिजोरम का स्कोर 314 रन पर चार विकेट से बढ़कर 392 रन पर नौ विकेट तक पहुंचा। इसके बाद चिन्मय सुतार ने लालरेम्पुइया छकछुक के साथ मिलकर आखिरी विकेट के लिए नाबाद 189 रन जोड़े। छकछुक ने 76 गेंदों पर नाबाद 14 रन बनाए। उनकी इस ऐतिहासिक पारी की बदौलत मिजोरम ने 154.1 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 581 रन बना लिए। इसके बाद टीम ने अपनी पारी घोषित कर दी।
इस खास क्लब में हुए शामिल
मिजोरम के बल्लेबाज चिन्मय सुतार ने घरेलू क्रिकेट में नाबाद 400 रन बनाकर इतिहास रच दिया है। वह फर्स्ट क्लास क्रिकेट में यह उपलब्धि हासिल करने वाले दूसरे भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। उनसे पहले महाराष्ट्र के बीबी निंबालकर ने 1948 में नाबाद 443 रन बनाए थे। करीब 78 साल बाद किसी भारतीय बल्लेबाज ने इस खास क्लब में जगह बनाई। सुतार अब दुनिया के उन चुनिंदा 10 बल्लेबाजों में शामिल हो गए हैं, जिन्होंने फर्स्ट क्लास क्रिकेट की एक पारी में 400 या उससे ज्यादा रन बनाए हैं।
इस सूची में वेस्टइंडीज के ब्रायन लारा और ऑस्ट्रेलिया के डॉन ब्रैडमैन जैसे दिग्गज खिलाड़ी भी शामिल हैं। फर्स्ट क्लास क्रिकेट में सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी खेलने का रिकॉर्ड ब्रायन लारा के नाम है, जिन्होंने वारविकशायर की ओर से डरहम के खिलाफ नाबाद 501 रन बनाए थे।