MS Dhoni: महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में भारत ने पहली बार ICC T20 Men’s World Cup जीता था। फिर उन्होंने रोहित शर्मा को यह कारनामा दोहराते देखा। और रविवार रात अहमदाबाद में, रोहित शर्मा और धोनी की मौजूदगी में, सूर्यकुमार यादव ने भी क्रिकेट इतिहास में अपना नाम दर्ज कराया। बता दें कि भारत ने 2026 T20 वर्ल्ड कप के फाइनल में न्यूजीलैंड को एकतरफा मैच में हराकर इतिहास रच दिया और अपना खिताब बरकरार रखा।
धोनी का सोशल मीडिया पोस्ट वायरल
इस खास मौके पर धोनी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर किया, जिसमें उन्होंने भारतीय क्रिकेट टीम को जीत की बधाई दी और हेड कोच गौतम गंभीर के “किलर स्माइल” की भी तारीफ की।
धोनी – इतिहास के एकमात्र कप्तान हैं, जिन्होंने ICC के तीनों बड़े आईसीसी व्हाइट-बॉल खिताब जीते हैं, जिनमें वर्ल्ड टी20, वनडे विश्व कप और चैंपियंस ट्रॉफी शामिल हैं। धोनी ने जसप्रीत बुमराह के शानदार गेंदबाजी की तारीफ करते हुए उन्हें ‘चैंपियन बॉलर’ बताया।
धोनी ने इंस्टाग्राम पर लिखा, “अहमदाबाद में इतिहास रचा गया, टीम, सपोर्ट स्टाफ और दुनिया भर में भारतीय क्रिकेट टीम के सभी फैंस को बहुत-बहुत बधाई। आप सभी को खेलते देखना बेहद खुशी देता है। कोच साहब, आप पर मुस्कान बहुत अच्छी लग रही है, इंटेंसिटी के साथ मुस्कान किलर कॉम्बो है, बहुत बढ़िया। आनंद लीजिए दोस्तों (बुमराह के बारे में कुछ न लिखूं तो ही अच्छा है। चैंपियन बॉलर)।”
फाइनल में भारतीय टीम का शानदार परफॉर्मेंस
पूरे टूर्नामेंट में अच्छा परफॉर्मेंस न कर पाने के कारण आलोचनाओं का सामना करने के बाद, भारत ने फाइनल मुकाबले में दमदार परफॉर्मेंस किया। बल्लेबाजों, गेंदबाजों और फील्डरों के शानदार तालमेल ने भारत को 96 रनों की विशाल जीत दिलाई।
पहले बल्लेबाजी करते हुए, भारत के टॉप तीन बल्लेबाजों ने इतिहास रच दिया – संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा और ईशान किशन ने तूफानी अर्धशतक लगाकर 20 ओवरों में 255/5 के विशाल स्कोर की नींव रखी।
सैमसन ने अपनी शानदार फॉर्म को बरकरार रखते हुए लगातार तीसरा अर्धशतक पूरा किया और 46 गेंदों में 89 रन बनाए, वहीं अभिषेक ने सबसे अहम समय पर 21 गेंदों में 52 रनों की तेज पारी खेलकर टीम को जीत दिलाई।
ईशान किशन ने ओपनर्स की लय को बरकरार रखा
ओपनर्स की लय को बरकरार रखते हुए ईशान ने 25 गेंदों में 54 रनों की शानदार पारी खेली, जिसके बाद शिवम दुबे की 28 रनों की नाबाद अंतिम पारी (8 गेंदों में) ने मेजबान टीम को एक बड़े स्कोर तक पहुंचाया।
इसके बाद भारतीय गेंदबाजों की बारी आई, जहां प्लेयर ऑफ द मैच जसप्रीत बुमराह (4/15) और अक्षर पटेल (3/27) ने न्यूजीलैंड का मनोबल तोड़ते हुए उन्हें 19 ओवरों में 159 रनों पर ऑल आउट कर दिया।