अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) द्वारा क्रिकेट कनाडा को सस्पेंड किए जाने के बाद यह मामला चर्चा में आ गया है। अहमदाबाद में हुई आईसीसी की बैठक में ये फैसला लिया गया था। वहीं अब इस पर क्रिकेट कनाडा ने अपना रिएक्शन दिया है। क्रिकेट कनाडा ने कहा कि उन्हें आईसीसी द्वारा लिए गए निलंबन के फैसले की उम्मीद नहीं थी। क्रिकेट कनाडा ने आगे कहा वह आईसीसी के फैसले का सम्मान करता है तथा संगठन से जुड़ी सभी चिंताओं को दूर करने के लिए आवश्यक कदम उठा रहा है।
वार्षिक बैठक में लिया फैसला
आईसीसी ने अहमदाबाद में हुई अपनी वार्षिक बैठक के दौरान नियमों और सदस्यता संबंधी जिम्मेदारियों के गंभीर उल्लंघन का हवाला देते हुए क्रिकेट कनाडा की सदस्यता को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। वहीं इस फैसले का असर कनाडा की राष्ट्रीय क्रिकेट टीमों की अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों में भागीदारी पर नहीं पड़ेगा। सस्पेंशन के बावजूद कनाडा की टीमें आईसीसी इवेंट में हिस्सा ले सकती है। हाल ही में कनाडा ने टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में हिस्सा लिया था
सस्पेंशन पर क्रिकेट कनाडा ने क्या कहा
क्रिकेट कनाडा ने अपने बयान में कहा, "हमें इस सस्पेंशन की उम्मीद नहीं थी, क्योंकि कानून एक्सपर्ट की अगुवाई वाली समिति पहले ही अपना काम शुरू कर चुकी है और अगले दो हफ्तों में अंतरिम सिफारिशें पेश करने वाली है।" संगठन ने आगे कहा, "इसके बावजूद क्रिकेट कनाडा आईसीसी के फैसले का सम्मान करता है और सभी जरूरी नियमों व शर्तों का पालन करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। बोर्ड ने समिति को जांच और सुधार प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया है, ताकि प्रशासन, वित्तीय निगरानी और रिपोर्टिंग सिस्टम को जल्द से जल्द और अधिक मजबूत बनाया जा सके।"
सुधार प्रक्रिया की गई शुरू
गवर्निंग बॉडी ने ये भी कहा कि आईसीसी से नोटिस मिलने के बाद उसने सुधार की प्रक्रिया शुरू कर दी थी। बयान में कहा गया, "आईसीसी का नोटिस मिलने के बाद क्रिकेट कनाडा ने तुरंत कई बड़े और व्यवस्थित सुधारात्मक कदम उठाए हैं। इनका उद्देश्य आईसीसी के पत्र में बताई गई प्रशासनिक, वित्तीय निगरानी और प्रबंधन से जुड़ी कमियों को दूर करना है।"
क्रिकेट कनाडा ने कहा कि वह आईसीसी द्वारा उठाए गए मुद्दों को गंभीरता से स्वीकार करता है और उन्हें दूर करने के लिए लगातार काम कर रहा है। संगठन ने भरोसा दिलाया कि वह अपने प्रशासनिक ढांचे को और मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है, साथ ही पूरे देश में क्रिकेट के विकास और विस्तार को बढ़ावा देने के प्रयास भी जारी रखेगा।