अफगानिस्तान को वनडे सीरीज में 3-0 से हराने के बाद अब भारतीय टीम आयरलैंड के दौरे पर जाएगी। भारत को आयरलैंड के बीच दो मैचों की टी20 सीरीज खेली जाएगी। इस सीरीज का पहला मुकाबला 26 जून को वहीं दूसरा मुकाबला 28 जून को खेला जाएगा। इस सीरीज की शुरुआत होने से पहले बेलफास्ट में बिगड़े हालात ने बीसीसीआई की चिंता बढ़ा दी है। वहीं अब इन घटनाओं और भारतीय टीम की सुरक्षा को लेकर क्रिकेट आयरलैंड ने कहा कि, सुरक्षा चिंताओं को देखते हुए मैचों के दौरान कड़े सुरक्षा इंतजाम किए जाएंगे।
कड़ी सुरक्षा में होगा मैच
क्रिकबज की एक रिपोर्ट के अनुसार, क्रिकेट आयरलैंड ने कन्फर्म किया कि भारत और आयरलैंड के बीच होने वाली दो मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज तय कार्यक्रम के अनुसार बेलफास्ट में ही खेली जाएगी। क्रिकेट आयरलैंड ने इस संबंध में नॉर्दर्न आयरलैंड की पुलिस सर्विस से भी सलाह-मशविरा किया था, क्योंकि कुछ सप्ताह पहले शहर में सिविल डिस्टर्बेंस की घटनाएं सामने आई थीं।
कुछ दिन पहले हुआ था प्रदर्शन
नॉर्दर्न आयरलैंड की राजधानी बेलफास्ट में हाल ही में हुई चाकूबाजी की घटना के बाद दो दिन हालात तनावपूर्ण हो गए। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। विरोध-प्रदर्शन के दौरान कुछ स्थानों पर हिंसा की घटनाएं भी सामने आईं। वहीं, दक्षिणी इंग्लैंड के साउथैम्प्टन में भी एक हत्या के मामले को लेकर प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़पों की खबरें सामने आई हैं, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
क्रिकेट आयरलैंड ने कहा, "सीरीज से जुड़े सभी खिलाड़ियों, अधिकारियों और अन्य लोगों की सुरक्षा और भलाई हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है। हम नॉर्दर्न आयरलैंड की पुलिस सर्विस (PSNI), वेन्यू प्रबंधन और अपने सुरक्षा साझेदारों के साथ लगातार समन्वय में काम कर रहे हैं। हमें विश्वास है कि दोनों मैचों का सुरक्षित और सफल आयोजन सुनिश्चित करने के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए जा चुके हैं।"
रिपोर्ट्स के मुताबिक, मौजूदा सुरक्षा आकलन में खिलाड़ियों, टीमों, मैच अधिकारियों, दर्शकों या स्टेडियम के लिए किसी बड़े खतरे की आशंका नहीं पाई गई है। क्रिकेट आयरलैंड को मिली खुफिया जानकारी में भी ऐसा कोई संकेत नहीं मिला है कि मैच के दिनों में किसी तरह के विरोध-प्रदर्शन या गतिविधि से आयोजन प्रभावित हो सकता है।
क्रिकेट आयरलैंड ने पुष्टि करते हुए कहा, "इसी वजह से 26 और 28 जून को स्टॉर्मोंट में खेले जाने वाले आयरलैंड और भारत के दोनों टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले तय कार्यक्रम के अनुसार आयोजित किए जाएंगे।" क्रिकेट आयरलैंड ने कहा, "हम सभी संबंधित एजेंसियों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखेंगे और मैचों से पहले होने वाले सभी घटनाक्रमों पर नजर रखेंगे। मैच देखने आने वाले प्रशंसकों से अनुरोध है कि वे किसी भी अपडेट के लिए क्रिकेट आयरलैंड के आधिकारिक चैनलों को फॉलो करें और जरूरत पड़ने पर यात्रा के लिए अतिरिक्त समय लेकर चलें।"