IPL 2026: चेन्नई सुपर किंग्स में शामिल हुए ये धाकड़ ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज, इंजर्ड नाथन एलिस की लेगा जगह

CSK: आईपीएल 2026 से पहले चेन्नई सुपर किंग्स को बड़ा झटका लगा है, क्योंकि चोटिल नाथन एलिस इस सीजन से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह टीम ने ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज स्पेंसर जॉनसन को 1.5 करोड़ रुपये में शामिल किया है

अपडेटेड Mar 24, 2026 पर 8:36 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
स्पेंसर जॉनसन ने ऑस्ट्रेलिया के लिए व्हाइट-बॉल क्रिकेट में अब तक 13 मैच खेले हैं

आईपीएल 2026 की शुरुआत 28 मार्च से हो रही है। वहीं टूर्नामेंट से पहले चेन्नई सुपर किंग्स को लेकर बड़ी खबर आ रही है। चेन्नई सुपर किंग्स की टीम ने इंजर्ड ऑलराउंडर नाथन एलिस की जगह ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज स्पेंसर जॉनसन को रिप्लेसमेंट प्लेयर के तौर पर चुन लिया है। सीएसके ने स्पेंसर जॉनसन को 1.5 करोड़ रुपये में टीम में शामिल किया है। नाथन एलिस का बाहर होना सीएसके के लिए बड़ा नुकसान माना जा रहा है। बता दें नाथन एलिस को आईपीएल 2025 में 2 करोड़ में खरीदा गया था, लेकिन हैमस्ट्रिंग चोट के कारण वह इस सीजन से बाहर हो गए।

स्पेंसर का रिकॉर्ड

स्पेंसर जॉनसन ने ऑस्ट्रेलिया के लिए व्हाइट-बॉल क्रिकेट में अब तक 13 मैच खेले हैं। टी20 इंटरनेशनल में उन्होंने 8 मुकाबलों में 14 विकेट लिए हैं और उनका इकॉनमी रेट 8.96 रहा है। हालांकि, आईपीएल में उनका प्रदर्शन औसत रहा है, जहां उन्होंने गुजरात टाइटंस और कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए खेलते हुए 56.80 की औसत और 10.39 की इकॉनमी से कुल 5 विकेट हासिल किए हैं।


पीएसएस छोड़ आईपीएल में हुए शामिल

स्पेंसर जॉनसन ऐसे तीसरे खिलाड़ी बन गए हैं जिन्होंने कॉन्ट्रैक्ट होने के बावजूद पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएस) छोड़कर आईपीएल टीम से जुड़ने का फैसला किया है। इससे पहले ब्लेसिंग मुजरबानी और दासुन शनाका भी ऐसा कर चुके हैं। जॉनसन क्वेटा ग्लैडिएटर्स का हिस्सा थे, लेकिन उन्होंने निजी कारणों का हवाला देकर टीम छोड़ दी। इसके बाद फ्रेंचाइजी ने उनकी जगह अल्जारी जोसेफ को अपने साथ जोड़ लिया। वहीं स्पेंसर जॉनसन पीठ में गंभीर स्ट्रेस फ्रैक्चर के चलते वह लंबे समय से कोई प्रतिस्पर्धी मैच नहीं खेले हैं, जिससे उनकी फिटनेस को लेकर सवाल बने हुए हैं।

मोहसीन नकवी दे चुके हैं धमकी

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन मोहसिन नकवी पहले ही साफ कर चुके हैं कि जो खिलाड़ी पाकिस्तान सुपर लीग छोड़कर आईपीएल में जाएंगे, उनके खिलाफ कानूनी कदम उठाए जा सकते हैं। पहले भी ऐसे मामलों में खिलाड़ियों पर बैन लगाया जा चुका है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।