आईसीसी विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम ने पाकिस्तान को 64 रनों से करारी शिकस्त दी। बर्मिंघम के एजबेस्टन मैदान पर हुए मैच में भारत की स्टार ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दर्ज किया। दिप्ति ने पाकिस्तान की बल्लेबाजी को पूरी तरह से दबाव में रखा। उनके इस ऑलराउंडर प्रदर्शन की वजह से उन्हें मुकाबले में प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। वहीं मैच के बाद दीप्ति ने कहा कि, उन्हें अपने प्रदर्शन पर खुशी है और वह इसे भगवान हनुमान के आशीर्वाद का परिणाम मानती हैं।
भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 170/6 का मजबूत स्कोर बनाया था। इसके जवाब में पाकिस्तान की पूरी टीम 17 ओवर में 106 रन पर सिमट गई और भारत ने मुकाबला 64 रन से अपने नाम कर लिया।
दीप्ति शर्मा ने पाकिस्तान के खिलाफ 4 ओवर में 10 रन देकर 5 विकेट चटकाई। मैच के बाद दीप्ति शर्मा ने कहा, "इस जीत का पूरा श्रेय टीम को जाता है। मैं सभी की आभारी हूं और हनुमान जी महान हैं।" दीप्ति शर्मा ने आगे कहा, "मुझे इस तरह की पिचों पर गेंदबाजी करना पसंद है। विकेट से टर्न मिल रहा था, इसलिए मैंने हर ओवर और हर गेंद के साथ अपनी गति में बदलाव किया, जिससे मुझे काफी मदद मिली। मुझे अपनी गेंदबाजी पर भरोसा है और मैं आमतौर पर गेंद को हवा में थोड़ा धीमा रखती हूं। मेरा पूरा ध्यान सही लाइन और लेंथ पर गेंद डालने पर था, और मैच में मैंने यही रणनीति अपनाई।"
दीप्ति शर्मा ने टीम की बल्लेबाजी की भी तारीफ की और स्मृति मंधाना तथा हरमनप्रीत कौर के बीच तीसरे विकेट के लिए हुई 91 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी को जीत का अहम मोड़ बताया। उन्होंने कहा, "मैं विशेष रूप से स्मृति और हरमनप्रीत दी की साझेदारी का जिक्र करना चाहूंगी। उसी साझेदारी की बदौलत टीम को अच्छी लय मिली और हम मैच में मजबूत स्थिति बनाने में सफल रहे।"
इतिहास रचने से दो विकेट दूर दीप्ति
भारतीय टीम की स्टार ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक बड़ा रिकॉर्ड बनाने के बेहद करीब पहुंच गई हैं। पाकिस्तान के खिलाफ महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के मुकाबले में शानदार गेंदबाजी करते हुए उन्होंने 5 विकेट झटके और अपने अंतरराष्ट्रीय विकेटों की संख्या 354 तक पहुंचा दी। अब वह भारत की दिग्गज तेज गेंदबाज झूलन गोस्वामी के 355 विकेटों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ने से केवल 2 विकेट दूर हैं। ये महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में दीप्ति का दूसरा पांच विकेट हॉल भी रहा।