आईपीएल के 19वें सीजन की शुरुआत 28 मार्च से हो रही है। आईपीएल 2026 शुरू होने से पहले कई टीमें अपने विदेशी खिलाड़ियों की उपलब्धता को लेकर चिंतित हैं। कुछ खिलाड़ी अलग-अलग वजहों से शुरुआती या पूरे सीजन के मैच नहीं खेल पाएंगे। वहीं दिल्ली कैपिटल्स के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क भी शुरुआती मुकाबलों से बाहर रह सकते हैं। क्योंकि क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया उनके काम के बोझ (वर्कलोड) को देखते हुए उन्हें आराम देना चाहता है। इस पर दिल्ली कैपिटल्स हेड कोच ने अपना रिएक्शन दिया है।
दिल्ली कैपिटल्स के हेड कोच हेमांग बदानी ने बताया कि उन्हें अभी तक मिचेल स्टार्क की उपलब्धता को लेकर कोई पक्की जानकारी नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि टीम अब भी क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया से नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (NOC) मिलने का इंतजार कर रही है।
हेमांग बदानी ने कहा, "हम क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया से एनओसी का इंतजार कर रहे हैं, उसके बाद ही स्टार्क की उपलब्धता पर कुछ कह पाएंगे।" वहीं दिल्ली कैपिटल्स के क्रिकेट डायरेक्टर वेणुगोपाल राव ने माना कि स्टार्क की फिटनेस अभी भी चिंता का विषय बनी हुई है। उन्होंने कहा, "स्टार्क आएंगे, हम बस एनओसी का इंतजार कर रहे हैं क्योंकि उनकी फिटनेस ही चिंता का विषय है। हम सिर्फ इसका इंतजार कर रहे हैं।"
दिल्ली का पहला मैच किस टीम के साथ
आईपीएल 2025 मेगा ऑक्शन में दिल्ली कैपिटल्स ने मिचेल स्टार्क को 11.75 करोड़ रुपये में खरीदे जाने के बाद फ्रेंचाइजी ने उन्हें रिटेन भी किया। 36 साल के मिचेल स्टार्क ने पिछले सीजन में दिल्ली कैपिटल्स के लिए शानदार प्रदर्शन करते हुए 11 मैचों में 14 विकेट लेकर टीम के दूसरे सबसे सफल गेंदबाज रहे थे। आईपीएल 2026 में दिल्ली कैपिटल्स अपने अभियान की शुरुआत 1 अप्रैल को लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ करेगी।
ये विदेशी खिलाड़ी हो सकते हैं बाहर
मिचेल स्टार्क उन ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों में शामिल हैं जिनका आईपीएल 2026 के शुरुआती मैचों में खेलना तय नहीं है। स्टार्क के साथ-साथ जोश हेजलवुड और पैट कमिंस भी अपनी टीमों के लिए शुरुआती मैच मिस कर सकते हैं। कमिंस सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान हैं, उनकी गैरमौजूदगी में टीम की कमान ईशान किशन संभाल सकते हैं। सनराइजर्स हैदराबाद के जैक एडवर्ड्स और चेन्नई सुपर किंग्स के नाथन एलिस चोट की वजह से इस सीजन में नहीं खेल पाएंगे।