DPL 2026: मैच के दौरान अंपायर के साथ हुआ दर्दनाक हादसा, पलक झपकते ही चेहरे पर लगी गेंद, ICU में भर्ती

दिल्ली प्रीमियर लीग 2026 के मुकाबले में एक तेज शॉट अंपायर धर्मेश भारद्वाज के चेहरे पर जा लगा। ये घटना नई दिल्ली टाइगर्स की पारी के 18वें ओवर में हुई। चोट के बाद उन्हें तुरंत इलाज के लिए भेजा गया है

अपडेटेड Aug 18, 2026 पर 3:46 PM
अंपायर को चोट लगने के बाद तुरंत फिजियो को बुलाया गया

दिल्ली प्रीमियर लीग (DPL) 2026 के एक मुकाबले के दौरान बड़ा हादसा हो गया। मैच के दौरान बल्लेबाज का शॉट सीधे अंपायर के चेहरे पर जा लगा। अंपायर के चेहरे पर चोट लगने के बाद उनको तुरंत इलाज के लिए भेजा गया। ये हादसा ईस्ट दिल्ली राइडर्स और न्यू दिल्ली टाइगर्स के बीच खेले गए मैच में देखने को मिला। मैच के दौरान अंपायर धर्मेश भारद्वाज को चोट लग गई। नई दिल्ली टाइगर्स की पारी के 18वें ओवर में लक्ष्य थरेजा ने आशीष मीणा की गेंद पर तेज स्ट्रेट ड्राइव खेला, लेकिन गेंद सीधे अंपायर भारद्वाज के चेहरे पर जा लगी। गेंद की रफ्तार इतनी तेज थी कि अंपायर को संभलने का मौका नहीं मिला।

आईसीयू में हुए भर्ती

अंपायर को चोट लगने के बाद तुरंत फिजियो को बुलाया गया। ये देखकर बल्लेबाज लक्ष्य थरेजा भी काफी घबरा गए। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, चेहरे पर गेंद लगने के बाद अंपायर धर्मेश भारद्वाज को मेडिकल जांच के लिए ICU में रखा गया। इस लीग में धर्मेश भारद्वाज को दूसरी बार चोट लगी है। इससे पहले दिल्ली प्रीमियर लीग के एक मुकाबले के दौरान उनके कंधे पर भी चोट लग चुकी है।


कैसा था मुकाबला

दिल्ली प्रीमियर लीग (DPL) 2026 के मुकाबले में ईस्ट दिल्ली राइडर्स ने सोमवार को नई दिल्ली टाइगर्स को 36 रन से हरा दिया। अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए इस मैच में ईस्ट दिल्ली ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 192 रन बनाए। टीम की ओर से वंश मेहरा, अर्पित राणा, मयंक रावत और सूर्यांश रैना ने उपयोगी पारियां खेलकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाने में मदद की।

 

नई दिल्ली टाइगर्स ने 193 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए अच्छी शुरुआत की, लेकिन लगातार अंतराल पर विकेट गिरने से टीम की रफ्तार धीमी पड़ गई। 10.2 ओवर में टीम का स्कोर 94 रन पर 4 विकेट हो गया और इसके बाद बल्लेबाज दबाव से नहीं उबर सके। आखिर में नई दिल्ली टाइगर्स की टीम लक्ष्य तक नहीं पहुंच पाई और उसे हार का सामना करना पड़ा।

IND vs SL: लाइव शो में भिड़े संजय मांजरेकर-मुरली कार्तिक, एक-दूसरे की चेहरे पर जमकर किया कमेंट

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।