ENG vs NEP Highlights: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के पांचवें मुकाबले में इंग्लैंड ने नेपाल को रोमांचक मैच में 4 रन से हरा दिया। इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 184 रन बनाए, जिसके जवाब में नेपाल ने शानदार खेल दिखाते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 180 रन ही बना पाया और बेहद करीबी मुकाबले में हार गया। नेपाल जीत के बहुत करीब पहुंच गया था और उसने मजबूत इंग्लैंड टीम को कड़ी टक्कर दी। दीपेंद्र सिंह ऐरी (44) और कप्तान रोहित पौडेल (39) ने टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया, लेकिन उनके आउट होते ही मैच का रुख बदल गया। अंत में लोकेश बाम ने 20 गेंदों पर नाबाद 39 रन बनाकर नेपाल की जीत की उम्मीदें आखिरी तक जिंदा रखीं। हालांकि उनकी शानदार कोशिश के बावजूद टीम मैच नहीं जीत सकी।
अंतिम ओवर में नेपाल को 10 रन चाहिए थे, लेकिन वह एक भी बाउंड्री नहीं लगा पाया और सैम कुरेन की सटीक यॉर्कर गेंदों पर सिर्फ 5 रन ही बना सकी। इंग्लैड ने नेपाल को 4 रन से मात दी है।
नेपाल की शानदार बल्लेबाजी
वानखेड़े स्टेडियम में 17,000 से ज्यादा दर्शक मौजूद थे, जिनमें अधिकतर नेपाल के समर्थक थे। उन्होंने अपनी टीम को उम्मीद से कहीं बेहतर प्रदर्शन करते देखा। कप्तान रोहित पौडेल (39), दीपेंद्र सिंह ऐरी (39), कुशल भुर्टेल (29) और लोकेश बाम ने शानदार लड़ाई लड़ी। लोकेश ने अंत में चार चौके और दो छक्के लगाए, लेकिन उनकी कोशिश के बावजूद नेपाल जीत हासिल नहीं कर सका। लोकेश ने 18वें ओवर में जोफ्रा आर्चर की गेंदों पर दो छक्के लगाए और ल्यूक वुड के आखिरी से पहले ओवर में लगातार दो चौके जड़े। उस समय नेपाल को आखिरी तीन ओवर में 46 रन चाहिए थे।
शुरुआत में कुशल भुर्टेल ने तेज बल्लेबाजी की, जबकि कप्तान रोहित पौडेल और दीपेंद्र सिंह ऐरी के बीच तीसरे विकेट के लिए 82 रन की मजबूत साझेदारी ने नेपाल की पारी को संभाला। आसिफ शेख जल्दी आउट हो गए, लेकिन कुशल भुर्टेल ने 17 गेंदों में 29 रन बनाकर टीम को तेज शुरुआत दी। हालांकि वह छठे ओवर में आउट हो गए। बाद में कप्तान रोहित पौडेल ने रफ्तार बढ़ाई और शानदार स्विच-हिट भी खेला। लेकिन ड्रिंक्स ब्रेक के बाद नेपाल की पारी लड़खड़ा गई। 15वें ओवर में दीपेंद्र ऐरी आउट हुए और उसके तुरंत बाद पौडेल भी पवेलियन लौट गए। इन दोनों विकेटों से नेपाल की जीत की उम्मीदें कमजोर पड़ गईं।
इससे पहले इंग्लैंड की ओर से जैकब बेथेल और कप्तान हैरी ब्रूक ने शानदार अर्धशतक लगाकर टीम को 7 विकेट पर 184 रन तक पहुंचाया। युवा बाएं हाथ के बल्लेबाज बेथेल ने अपने टी20 वर्ल्ड कप डेब्यू में 35 गेंदों पर चार छक्के और चार चौकों की मदद से तेज 55 रन बनाए। वहीं ब्रूक ने 32 गेंदों में चार छक्के और तीन चौके लगाते हुए 53 रन की अहम पारी खेली। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 71 रन की साझेदारी की, जिससे इंग्लैंड को मजबूत स्कोर बनाने में मदद मिली, हालांकि नेपाल के गेंदबाजों ने उन्हें कड़ी टक्कर दी।
नेपाल के शेर मल्ला ने फिल साल्ट को जल्दी आउट किया, जबकि नंदन यादव ने जोस बटलर (26 रन) का अहम विकेट लिया। संदीप लामिछाने ने टॉम बैंटन को एलबीडब्ल्यू आउट कर तीसरा झटका दिया। हालांकि अंत में इंग्लैंड ने आखिरी तीन ओवर में 45 रन बना लिए। विल जैक्स ने 18 गेंदों पर नाबाद 39 रन बनाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।
स्टेडियम में बड़ी संख्या में नेपाल के फैंस पहुंचे और हर गेंद पर टीम का उत्साह बढ़ाते रहे। नेपाल के खिलाड़ियों ने भी अच्छा खेल दिखाया। दीपेंद्र ऐरी और नंदन यादव ने दो-दो विकेट लिए, जबकि शेर मल्ला और संदीप लामिछाने ने भी अहम विकेट लेकर टीम को मुकाबले में बनाए रखा