इंग्लैंड के क्लब क्रिकेट में एक मैच के दौरान कथित तौर पर हैरान करने वाली घटना देखने को मिली है। एक फील्डर पर डोमेस्टिक मैच के दौरान उगंलिया चटकाकर चीटिंग करने का आरोप लगा है। फील्डर पर आरोप है कि जब गेंद बैट के पास से गुजरी तब फील्डर ने उंगलियां चटकाई। जिससे अंपायर को लगे की गेंद बल्ले से लगी है। इस घटना के सामने आने के बाद क्रिकेट जगत में इसकी काफी चर्चा हो रही है। ये घटना नॉर्थ यॉर्कशायर और साउथ डरहम लीग में साल्टबर्न क्रिकेट क्लब की सेकंड-XI और मिडिल्सब्रो क्रिकेट क्लब की सेकंड-XI के बीच हुए मैच के दौरान हुई।
इस विवाद के सामने आने के बाद लीग प्रशासन ने कहा कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और पूरी प्रक्रिया पूरी होने तक कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की जाएगी।
वायरल वीडियो में दिख रहा है कि, गेंद बल्लेबाज नोमान शब्बीर के बल्ले के बेहद करीब से निकलती है। इसी दौरान स्लिप में खड़ा साल्टबर्न का एक फील्डर उंगलियां चटकाता है, जिससे ऐसा लगता है कि गेंद बल्ले का किनारा लेकर गई है। इसके तुरंत बाद विकेटकीपर जोश बोवेस गेंद को कैच कर लेते हैं। इसके बाद साल्टबर्न की टीम के अपील करती है और अंपायर बल्लेबाज को आउट दे देते हैं। इस मुकाबले को साल्टबर्न ने 159 रन से जीता है।
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद क्रिकेट प्रेमियों ने इसकी जमकर आलोचना की। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर कई लोगों ने दावा किया कि उंगलियां चटकने की आवाज से अंपायर भ्रमित हो गए और उन्होंने बल्लेबाज को आउट दे दिया। यूजर्स ने कहा कि गेंद बल्ले से नहीं लगी थी, लेकिन आवाज के कारण गलत फैसला हो गया, जिसके चलते बल्लेबाज को पवेलियन लौटना पड़ा। कई यूजर्स ने इसे क्लब क्रिकेट में खेल भावना के खिलाफ बताया और इसे अब तक की सबसे विवादित घटनाओं में से एक करार दिया।