भारत और अफगानिस्तान के बीच खेले गए 3 मैचों की वनडे सीरीज को भारत ने अपने नाम किया है। शुभमन गिल ने अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज में शानदार कप्तानी करते हुए अफगानिस्तान को 3-0 से क्लीन स्वीप किया। इसके साथ ही वह तीन मैचों की इस सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी रहे। वहीं रोहित शर्मा के बाद वनडे टीम की कमान मिलने के बाद से गिल पर बड़ी जिम्मेदारी आ गई है और अब सभी की नजर इस बात पर होगी कि वह टीम को किस तरह आगे लेकर जाते हैं।
पूर्व भारतीय क्रिकेटर मनोज तिवारी का मानना है कि शुभमन गिल के पास एक अच्छे कप्तान बनने की पूरी क्षमता है और लगातार कप्तानी करने से उनका नेतृत्व कौशल और बेहतर होगा। तिवारी के मुताबिक, गिल अभी कप्तानी के मामले में अनुभव हासिल कर रहे हैं, लेकिन समय के साथ वह एक मजबूत लीडर बन सकते हैं।
मनोज तिवारी ने क्रिकबज पर कहा, "ये सीरीज उनके लिए कप्तान के तौर पर अच्छी रही। वह जितनी ज्यादा सीरीज में कप्तानी करेंगे, उतने ही बेहतर होते जाएंगे। वह अभी जन्मजात लीडर नहीं हैं, लेकिन समय के साथ सीखेंगे। एक नैचुरली लीडर के लिए कई चीजें अपने आप आती हैं, जबकि शुभमन गिल जैसे खिलाड़ी एक्सपीरिएंस के साथ नेतृत्व करना सीखते हैं। इसलिए रोहित शर्मा, विराट कोहली और यहां तक कि केएल राहुल जैसे सीनियर खिलाड़ियों की सलाह उनके लिए काफी अहम होगी।"**
उन्होंने आगे कहा, "कप्तानी के दौरान जो गलतियां उन्होंने की हैं, उनसे वह सीखेंगे और उन्हें दोहराने की कोशिश नहीं करेंगे। इसके अलावा, जब टीम में इतने अनुभवी और बेहतरीन खिलाड़ी मौजूद हों, तो कप्तान पर दबाव भी काफी हद तक कम हो जाता है।"
भारत ने अफगानिस्तान को 9 विकेट से हराया
अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे और अंतिम वनडे में भारतीय बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम को बड़ी जीत दिलाई। अफगानिस्तान द्वारा दिया गया 219 रन का लक्ष्य भारतीय बल्लेबाजों के लिए ज्यादा मुश्किल साबित नहीं हुआ। भारत ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 29 ओवर के भीतर ही लक्ष्य हासिल कर लिया और मुकाबला एकतरफा बना दिया। अफगानिस्तान के कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी का शानदार शतक भी टीम को हार से नहीं बचा सका।
वहीं, यशस्वी जायसवाल ने नाबाद 110 रन की बेहतरीन पारी खेली, जबकि रोहित शर्मा ने 79 रन बनाकर उनका अच्छा साथ दिया। दोनों बल्लेबाजों की दमदार बल्लेबाजी के दम पर भारत ने लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लिया और मुकाबला नौ विकेट से जीत लिया। भारत ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 29 ओवर के अंदर ही टारगेट हासिल कर लिया। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने तीन मैचों की वनडे सीरीज में अफगानिस्तान का 3-0 से पूरी तरह सफाया कर दिया।