T20 World Cup: सुपर-8 में क्यों हो रही सारे टॉपर्स की टक्कर...लोगों को नहीं भा रहा ICC के ये फॉर्मेट

T20 World Cup 2026: भारत और श्रीलंका के 2026 टी20 वर्ल्ड कप के मेजबान होने के कारण आईसीसी ने पहले से ही टीमों की जगह तय कर दी थी, ताकि टिकट, ब्रॉडकॉस्टिंग और यात्रा की तैयारी आसानी से हो सके। प्री-सीडिंग के इस फैसले को लेकर कई फैंस ने नाराजगी जताई और सोशल मीडिया पर इसका मजाक भी उड़ाया

अपडेटेड Feb 21, 2026 पर 2:08 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर 8 राउंड के लिए आईसीसी के प्री-सीडिंग सिस्टम पर उठ रहे हैं।

टी20 वर्ल्ड का कारवां अब अपने सुपर-8 की ओर पहुंच गया है। वहीं सुपर 8 राउंड के लिए आईसीसी के प्री-सीडिंग सिस्टम पर उठ रहे हैं। सुपर-8 से पहले ये सवाल उठ रहे हैं आखिर अपने ग्रुप के सभी टॉपर टीम को आपस में क्यों भिड़ना पड़ रहा है। आईसीसी 'प्री-सीडिंग' फॉर्मेट को लेकर सोशल मीडिया पर तूफान आया हुआ है। सभी चार ग्रुप विनर एक ही सुपर 8 ग्रुप में हैं, जबकि 4 दूसरे स्थान पर रहने वाली टीमें हैं।

ऐसी है सुपर-8 की गणित

टी20 वर्ल्ड कप की शुरुआत में कुल 20 टीमों ने हिस्सा लिया था, जिसमें से अब 8 टीमें ही सुपर-8 में अपनी जगह बनाई है। सुपर-8 में पहुंची आठ टीमों को दो ग्रुपों में बांटा गया है। हर ग्रुप में चार-चार टीमें होंगी। ग्रुप 1 में भारत, जिम्बाब्वे, वेस्ट इंडीज और साउथ अफ्रीका है। वहीं ग्रुप 2 में पाकिस्तान, श्रीलंका, इंग्लैंड और न्यूजीलैंड को रखा गया है। वहीं ग्रुप 1 की सभी टीमें ग्रुप स्टेज में अपने सभी मुकाबले जीतकर आई हैं। जिम्बावे का 4 में से एक मैच बारिश की वजह से रद्द हो गया था।


कब से शुरू होगा मुकाबला

टी20 वर्ल्ड कप में सुपर 8 मुकाबले की शुरुआत 21 फरवरी से होगी। पहला मैच कोलंबो में न्यूजीलैंड और पाकिस्तान के बीच खेला जाएगा। 22 फरवरी को पल्लेकेले में इंग्लैंड और श्रीलंका आमने-सामने होंगे, जबकि उसी दिन अहमदाबाद में भारत का मुकाबला साउथ अफ्रीका से होगा। 23 फरवरी को मुंबई में जिम्बाब्वे और वेस्ट इंडीज की भिड़ंत होगी। 24 फरवरी को फिर पल्लेकेले में इंग्लैंड और पाकिस्तान खेलेंगे। 25 फरवरी को न्यूजीलैंड और श्रीलंका का मैच होगा। 26 फरवरी को अहमदाबाद में वेस्ट इंडीज और साउथ अफ्रीका के बीच मुकाबला होगा, और चेन्नई में भारत जिम्बाब्वे से खेलेगा।

27 फरवरी को कोलंबो में इंग्लैंड और न्यूजीलैंड आमने-सामने होंगे। इसके बाद 28 फरवरी को पल्लेकेले में पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच मैच खेला जाएगा। इस चरण के आखिरी मुकाबले 1 मार्च को कोलकाता में भारत और वेस्ट इंडीज के बीच होगा, जबकि दिल्ली में जिम्बाब्वे और साउथ अफ्रीका की टीमें एक-दूसरे के खिलाफ उतरेंगी।

क्या है प्री-सीडिंग प्रणाली

सुपर-8 दौर में पहुंची आठ टीमों को दो अलग-अलग ग्रुप में रखा गया है और हर ग्रुप में चार टीमें हैं। इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, पाकिस्तान और श्रीलंका को ग्रुप Y में क्रमशः Y1, Y2, Y3 और Y4 स्थान मिले हैं। वहीं दक्षिण अफ्रीका, ऑस्ट्रेलिया, भारत और वेस्ट इंडीज को ग्रुप X में X1, X2, X3 और X4 स्लॉट दिए गए थे। लेकिन ऑस्ट्रेलिया ग्रुप स्टेज से बाहर होने की वजह से उसकी जगह जिम्बाब्वे को X2 स्लॉट शामिल किया गया है। इसी प्री-सीडिंग प्रणाली के तहत साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे, भारत और वेस्ट इंडीज को सुपर 8 के ग्रुप 1 में रखा गया। खास बात यह है कि इन चारों टीमों ने अपने-अपने ग्रुप में पहले चरण के मुकाबले जीतकर सुपर 8 में जगह बनाई है। वहीं सुपर 8 चरण के ग्रुप 2 में इंग्लैंड, श्रीलंका, पाकिस्तान और न्यूजीलैंड को रखा गया है।

लोगों ने दिया रिएक्शन

भारत और श्रीलंका के 2026 टी20 वर्ल्ड कप के मेजबान होने के कारण आईसीसी ने पहले से ही टीमों की जगह तय कर दी थी, ताकि टिकट, ब्रॉडकॉस्टिंग और यात्रा की तैयारी आसानी से हो सके। प्री-सीडिंग के इस फैसले को लेकर कई फैंस ने नाराजगी जताई और सोशल मीडिया पर इसका मजाक भी उड़ाया। एक्स पर एक यूज़र ने लिखा, “आपकी प्री-सीडिंग में खेल की ईमानदारी और निष्पक्षता से ज्यादा लॉजिस्टिक्स को महत्व दिया गया है। एक ही ग्रुप में चारों ग्रुप विजेता होना हैरान करने वाला है।”

एक अन्य पोस्ट में कहा गया, “क्या मजाक है ICC! सभी टीमें अपने-अपने ग्रुप में बिना हारे टेबल टॉपर रहीं और अब सबको एक ही ग्रुप में डाल दिया गया है। यह प्री-सीडिंग पूरी तरह मजाक लगती है।” एक और फैन ने लिखा, “प्री-सीडेड प्लान ग्रुप स्टेज में अच्छा प्रदर्शन करने की प्रेरणा को ही खत्म कर देता है।”

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।