'अभी तक रिकॉर्ड 8-0 का है...' भारत के खिलाफ पाकिस्तान के रिकॉर्ड आकिब जावेद ने कही ये बात

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान के निराशाजनक नतीजे के बावजूद आकिब जावेद ने कहा कि इसे बहुत बड़ा मुद्दा नहीं बनाया जाना चाहिए। उनका कहना है कि वैश्विक टूर्नामेंटों में भारत के खिलाफ पाकिस्तान की मुश्किलें नई नहीं हैं और यह समस्या कई पीढ़ियों के खिलाड़ियों और कप्तानों के दौरान भी देखने को मिली है

अपडेटेड Mar 15, 2026 पर 6:27 PM
Story continues below Advertisement
इस टूर्नामेंट में पाकिस्तान को भारत के हाथों 61 रनों की बड़ी हार का सामना करना पड़ा था

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान का प्रदर्शन कोई खास नहीं था। पाकिस्तान की टीम वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में अपनी जगह नहीं बना पाई और सुपर-8 से बाहर हो गई। वहीं पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर और वर्तमान पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के सेलेक्टर्स आकिब जावेद ने विश्व कप 2026 के सुपर-8 चरण से बाहर होने के बाद टीम का बचाव किया है। इस टूर्नामेंट में पाकिस्तान को अपने सबसे बड़े प्रतिद्वंद्वी भारत के हाथों 61 रनों की बड़ी हार का सामना करना पड़ा था।

इस निराशाजनक नतीजे के बावजूद आकिब जावेद ने कहा कि इसे बहुत बड़ा मुद्दा नहीं बनाया जाना चाहिए। उनका कहना है कि वैश्विक टूर्नामेंटों में भारत के खिलाफ पाकिस्तान की मुश्किलें नई नहीं हैं और यह समस्या कई पीढ़ियों के खिलाड़ियों और कप्तानों के दौरान भी देखने को मिली है।

जावेद ने क्या कहा


आकिब जावेद ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “भारत-पाकिस्तान मैच हमारे लिए बहुत अहम होते हैं और हम उन्हें लेकर भावनात्मक रूप से काफी जुड़ाव महसूस करते हैं। लेकिन सच यह है कि हम आज तक भारत को हरा नहीं पाए हैं। अभी तक रिकॉर्ड 8-0 का है।” उन्होंने आगे कहा, “1975 से लेकर 2026 तक दुनिया के कई बेहतरीन कप्तानों ने ये मुकाबले खेले हैं। हमारे पास 1980, 1990 और 2000 के दशक के शानदार खिलाड़ी भी रहे, लेकिन इसके बावजूद नतीजा अब भी 8-0 ही है।”

आंकड़ों के मुताबिक ICC वनडे विश्व कप में भारत का पाकिस्तान पर 8-0 का दबदबा है, जबकि ICC पुरुष T20 विश्व कप में पाकिस्तान को भारत के खिलाफ केवल एक जीत 2021 में मिली थी और इस प्रारूप में भी वह कुल मिलाकर 8-1 से पीछे है।

पाकिस्तान टीम का किया समर्थन

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चयनकर्ता और पूर्व क्रिकेटर आकिब जावेद ने कहा कि ICC T20 विश्व कप 2026 में पाकिस्तान का प्रदर्शन उतना खराब नहीं था, जितना कुछ आलोचकों ने बताया है। उन्होंने कहा कि टीम सुपर आठ चरण में पहुंची थी और वहां केवल एक ही मैच हारी। जावेद के मुताबिक, “जब हम दूसरे राउंड (सुपर आठ) में पहुंचे, तो हमारा एक मैच बारिश में धुल गया। और फिर हम एक मैच हार गए। और कुछ नहीं हुआ, है ना?”

सेमीफाइनल में हनीं पहुंचने पर क्या कहा

न्यूज़ीलैंड के खिलाफ पाकिस्तान का पहला सुपर आठ मैच बारिश के कारण रद्द हो गया, जिससे टीम को अहम अंक नहीं मिल सके। इसके बाद सलमान आगा की कप्तानी वाली टीम को इंग्लैंड से करीबी हार मिली। श्रीलंका के खिलाफ आखिरी मैच में सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए पाकिस्तान को कम से कम 64 रन से जीत चाहिए थी, लेकिन टीम यह लक्ष्य हासिल नहीं कर सकी। इस बारे में जावेद ने कहा कि उस पिच पर इतने बड़े अंतर से जीतना आसान नहीं था और टीम नेट रन रेट के कारण सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई नहीं कर पाए। हालांकि उन्होंने कहा कि यह जरूर एक समस्या है, लेकिन इसे इतना बड़ा मुद्दा नहीं बनाना चाहिए कि कहा जाए कि पाकिस्तान की क्रिकेट खत्म हो गई है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।