क्या IPL 2026 होगा धोनी का आखिरी सीजन? सीएसके के पूर्व खिलाड़ी ने कही ये बात

धोनी के पूर्व CSK साथी रॉबिन उथप्पा ने कहा कि, 2026 में धोनी अपने आईपीएल करियर को अलविदा कह सकते हैं। सीएसके का पहला मुकाबला 30 मार्च को राजस्थान रॉयल्स से होगा। आईपीएल से पहले सीएसके के धोनी की काफी चर्चा हो रही है

अपडेटेड Mar 21, 2026 पर 9:10 PM
Story continues below Advertisement
MS Dhoni: उथप्पा ने कहा कि आने वाले सीजन में धोनी की भूमिका ज्यादा मेंटर जैसी नजर आ सकती है

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 19वें सीजन की शुरुआत 28 मार्च से हो रही है। चेन्नई सुपर किंग्स का पहला मुकाबला 30 मार्च को राजस्थान रॉयल्स से होगा। आईपीएल से पहले चेन्नई सुपर किंग्स के 44 साल के महेंद्र सिंह धोनी की काफी चर्चा हो रही है। पिछले कुछ सालों से धोनी के रिटायरमेंट के कयास लगाए जा रहे हैं। वहीं संजू सैमसन की एक बड़ी ट्रेड डील में शामिल होने के बाद इन अटकलों को और हवा मिली है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि धोनी इस सीजन के बाद संन्यास लेंगे या पहले की तरह इन सवालों को टालते रहेंगे। वहीं धोनी के रिटायरमेंट लेने पर रॉबिन उथप्पा ने अपना रिएक्शन दिया है।

धोनी के पूर्व CSK साथी रॉबिन उथप्पा ने कहा कि, 2026 में धोनी अपने आईपीएल करियर को अलविदा कह सकते हैं। जियोहॉटस्टार के शो ‘आउट ऑफ द पार्क’ में बातचीत के दौरान उथप्पा ने कहा कि आने वाले सीजन में धोनी की भूमिका ज्यादा मेंटर जैसी नजर आ सकती है, जहां वह टीम को गाइड करते हुए दिखेंगे।

धोनी का आखिरी आईपीएल हो सकता है


रॉबिन उथप्पा ने कहा, “आईपीएल 2026 शायद पीली जर्सी में उनका आखिरी साल होगा। मुझे लगता है कि इस सीजन में वह ज्यादा मेंटर और कम खिलाड़ी की भूमिका निभाएंगे। मुझे नहीं लगता कि वह नंबर सात पर बल्लेबाजी करेंगे, बल्कि वह नंबर आठ पर उतर सकते हैं। वह जानते हैं कि अब उनका करियर अंत की ओर है, इसलिए खुद को पीछे रखना चाहेंगे।"

कैप्टसी में नहीं होगा बदलाव

उन्होंने आगे कहा, "इससे कप्तान के रूप में रुतुराज गायकवाड़ का असली टैलेंट सामने आएगा। उसे कुछ साल दीजिए और अगर बात नहीं बनी, तो टीम में संजू सैमसन जैसे ऑप्शन भी मौजूद हैं जो कप्तानी संभाल सकते हैं।” उथप्पा का मानना है कि संजू सैमसन के टीम में आने से चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी या लीडरशिप में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा।

उथप्पा ने कहा, “मुझे नहीं लगता कि CSK को संजू सैमसन को लीडरशिप की जिम्मेदारी देनी चाहिए। आपको रुतुराज गायकवाड़ को कप्तान के तौर पर जमने के लिए समय देना होगा। वह 2024 से टीम की कप्तानी कर रहा है और धीरे-धीरे एमएस धोनी की छाया से बाहर आ रहा है, चाहे लोग कुछ भी कहें।” उन्होंने आगे कहा, “आप चाहते हैं कि वह पूरी तरह सामने आए और अपनी अलग पहचान बनाए। आप देखना चाहते हैं कि वह क्या कर सकता है।

उन्होंने आगे कहा,"जब एमएस धोनी मैदान पर न हों, तब वह टीम को लीड करे और अपने दम पर खड़ा हो, बिना उस दबाव के जो हमेशा बना रहता है। इसलिए मुझे लगता है कि इस बार आप धोनी को थोड़ा ज्यादा हैंड्स-ऑफ भूमिका में देख सकते हैं।”

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।