IND vs IRE: वैभव सूर्यवंशी लेंगे संजू सैमसन की जगह? भारत की हार के बाद दिग्गज खिलाड़ी ने दिया बड़ा बयान

IND vs IRE: आयरलैंड के खिलाफ पहले टी20 मैच में 34 रन की हार मिली है। कई लोग दूसरे मैच में युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को मौका देने की बात कर रहे हैं। वहीं इस हार के बाद पूर्व भारतीय क्रिकेटर संजय मांजरेकर ने टीम में संजू सैमसन को लेकर बड़ा बयान दिया है

अपडेटेड Jun 27, 2026 पर 3:57 PM
पहले टी20 मुकाबले में टीम प्रबंधन ने सलामी बल्लेबाज के रूप में अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन की जोड़ी पर भरोसा जताया

IND vs IRE: भारत की टी20 टीम को नए कप्तान श्रेयस अय्यर की कप्तानी में पहले ही मैच में आयरलैंड के खिलाफ 34 रन से हार झेलनी पड़ी। इस जीत के साथ आयरलैंड ने सीरीज में 1-0 की लीड बना ली है। इस हार के बाद टीम में बदलाव की मांग तेज हो गई है। इस हार के बाद टीम में बदलाव की चर्चा तेज हो गई है। अब कई लोग युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को 28 जून को होने वाले दूसरे टी20 मैच की प्लेइंग इलेवन में शामिल करने की मांग कर रहे हैं। वहीं इस हार के बाद पूर्व भारतीय क्रिकेटर संजय मांजरेकर का कहना है कि भारतीय टी20 टीम में संजू सैमसन की जगह अब पूरी तरह सुरक्षित नहीं है।

मांजरेकर ने कहा कि युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं और टीम में जगह बनाने की मजबूत दावेदारी पेश कर रहे हैं। ऐसे में अगर संजू सैमसन का प्रदर्शन कमजोर रहता है, तो सेलक्टर्स उन्हें बाहर कर वैभव को मौका दे सकते हैं।

सेफ नहीं अभिषेक-संजू की जगह


सोनी स्पोर्ट्स पर बातचीत के दौरान संजय मांजरेकर ने कहा, "संजू सैमसन को अब सतर्क रहने की जरूरत है, क्योंकि वैभव सूर्यवंशी उनकी और अभिषेक शर्मा की जगह के लिए मजबूत चुनौती बनकर सामने आ रहे हैं।" संजय मांजरेकर ने कहा कि सिर्फ वैभव सूर्यवंशी को टीम में शामिल कर देने से मैच का नतीजा नहीं बदल जाएगा। उन्होंने कहा कि इस समय भारतीय टी20 टीम में ओपनिंग की जिम्मेदारी अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन के पास है और दोनों ही पहली पसंद हैं।

मांजरेकर ने कहा, "मुझे लगता है कि वैभव सूर्यवंशी भी अभिषेक शर्मा की तरह ही खेलते, शायद उनसे थोड़ा बेहतर। जब लक्ष्य का पीछा करना होता है, तो पहले छह ओवरों में ही तेज शुरुआत करनी पड़ती है और उसी लय को आगे के ओवरों में भी बनाए रखना जरूरी होता है।"

दूसरे मुकाबले में कर सकते हैं डेब्यू

पहले टी20 मुकाबले में टीम प्रबंधन ने सलामी बल्लेबाज के रूप में अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन की जोड़ी पर भरोसा जताया। इस मुकाबले में युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को अपना इंटरनेशनल डेब्यू करने का मौका नहीं मिल सका। अब सभी की नजरें दूसरे टी20 मैच पर हैं कि क्या वैभव सूर्यवंशी को भारत के लिए डेब्यू का मौका मिलेगा। 2026 टी20 वर्ल्ड कप में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट रहे संजू सैमसन पहले मैच में उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सके और चार गेंदों में सिर्फ पांच रन बनाकर आउट हो गए।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।