एक बार फिर भारतीय क्रिकेट टीम मैदान पर उतरने जा रही है। टीम का पहला मुकाबला अफगानिस्तान के साथ होने जा रहा है। वहीं इस सीरीज से पहले विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत को लेकर तमाम तरह की खबरें सामने आ रही है। पंत के लिए फिलहाल सबकुछ ठीक नहीं चल रहा। उनको टेस्ट टीम के कप्तान के तौर पर देखा जा रहा था लेकिन चयनकर्ताओं ने अब उप कप्तान के पद से भी हटा दिया है। इंडियन प्रीमियर लीग में खराब फॉर्म की वजह से उन्होंने लखनऊ सुपर जायंट्स की कप्तानी भी छोड़ दी। अब कोच गौतम गंभीर ने पंत को लेकर बड़ी बात कही है।
टीम इंडिया के कोच गौतम गंभीर (Gautam Gambhir) ने आखिरकार इस बात पर प्रतिक्रिया दी है कि विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत (Rishabh Pant) की जगह केएल राहुल (KL Rahul) को टेस्ट टीम का उप-कप्तान क्यों बनाया गया? इस मुद्दे पर गौतम गंभीर ने ज्यादा विस्तार से बात नहीं की, लेकिन उन्होंने इतना जरूर कहा कि अनुभवी बल्लेबाजों को मैच की परिस्थितियों को समझते हुए जिम्मेदारी से खेलना चाहिए। उनके इस बयान को चयन के फैसले से जोड़कर देखा जा रहा है। उन्होंने साफ कहा कि, टीम मैनेजमेंट चाहता है कि बाएं हाथ के बल्लेबाज पंत अपनी बल्लेबाजी को हालात के हिसाब से ढालें।
गंभीर ने मीडिया से बातचीत में कहा कि ऋषभ पंत की आक्रामक बल्लेबाजी उनकी सबसे बड़ी ताकत है और टीम उन्हें उसी अंदाज में खेलते देखना चाहती है। लेकिन उन्होंने यह भी कहा कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में खिलाड़ियों से यह उम्मीद की जाती है कि वे मैच की परिस्थितियों को समझें और उसी के अनुसार अपने खेल में संतुलन बनाए रखें। गंभीर के मुताबिक, खिलाड़ी का स्वाभाविक खेल महत्वपूर्ण है, लेकिन सही समय पर सही फैसला लेना भी उतना ही जरूरी होता है।
पंत ने नहीं दिया कोई भी रिएक्शन
भारतीय टीम के सहायक कोच रयान टेन डोशेट ने गुरुवार को कहा कि टेस्ट टीम की उप-कप्तानी हटाए जाने के बाद भी पंत की ओर से किसी तरह की शिकायत या नाराजगी नहीं दिखाई गई है। उन्होंने बताया कि ऋषभ पंत ने इस मुद्दे पर मुख्य कोच के साथ खुलकर बातचीत की है और टीम के फैसले को सकारात्मक तरीके से लिया है। सहायक कोच ने यह भी कहा कि टीम प्रबंधन चाहता है कि पंत अपनी स्वाभाविक आक्रामक शैली बरकरार रखें, लेकिन साथ ही मैच की परिस्थितियों को समझकर खेलें। उनके अनुसार, अगर पंत हालात के अनुसार अपने खेल में थोड़ा संतुलन लाते हैं, तो इससे टीम को काफी फायदा होगा और टीम प्रबंधन भी इससे खुश होगा।
IPL 2026 में रहा बेहद खराब प्रदर्शन
बता दें कि, पंत ने टेस्ट उपकप्तानी के साथ-साथ लखनऊ सुपर जायंट्स की कप्तानी भी छोड़ दी। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज के दूसरे टेस्ट में चोटिल शुभमन गिल की गैरमौजूदगी में भारत की कप्तानी की थी। यह मैच गुवाहाटी के बारसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया था। भारत यह टेस्ट 408 रन के रिकॉर्ड अंतर से हार गया था और टेम्बा बावुमा की अगुवाई वाली टीम ने सीरीज में क्लीन स्वीप किया था। हाल ही में खत्म हुए आईपीएल में टीम के खराब प्रदर्शन के बाद 28 साल के पंत ने लखनऊ सुपर जायंट्स की कप्तानी भी छोड़ दी थी।