Gautam Gambhir: टी20 वर्ल्ड कप की शुरुआत हो गई है। मुंबई में खेले गए अपने पहले मुकाबले में सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली टीम इंडिया ने यूएसए को 29 से मात दी है। भारतीय टीम अब अपना दूसरा मुकाबला 12 फरवरी को दिल्ली में नामीबिया के खिलाफ खेलेगी। वहीं इस मुकाबले से पहले भारतीय टीम के हेड कोच गौतम गंभीर ने कप्तान सूर्यकुमार यादव की जमकर तारीफ की है। उन्होंने कहा कि सूर्यकुमार खिलाड़ियों से अच्छी तरह जुड़ जाते हैं
टी20 वर्ल्ड कप के दौरान ब्रॉडकास्टर्स से बात करते हुए गंभीर ने बताया कि सूर्यकुमार की लीडरशिप का टीम पर पॉजिटीव असर पड़ा है और मौजूदा खिलाड़ी उनके साथ बेहतर तालमेल बना रहे हैं।
कोच ने सूर्या की तारीफ की
टी20 में कोच के रूप में सफलता हासिल कर चुके गौतम गंभीर ने स्टार स्पोर्ट्स से बातचीत में कहा, “सूर्या ने इस फॉर्मेट में मेरी जिंदगी काफी आसान कर दी है।” कोच ने कहा, “मुझे लगता है कि वह एक बेहतरीन लीडर हैं। बात सिर्फ उनके मैदान पर प्रदर्शन, बल्लेबाजी के अंदाज या शॉट्स की नहीं है, इन सबको अलग रखा जा सकता है। असली मायने यह रखते हैं कि वह खिलाड़ियों से कैसे जुड़ते हैं, उनसे कैसे बातचीत करते हैं और मैदान पर कितने शांत और सहज रहते हैं।”
'दूसरी चीजों के बारे में सोच सकते हैं'
गंभीर ने आगे कहा, “एक कोच के तौर पर, आप जानते हैं कि आप दूसरी चीजों के बारे में सोच सकते हैं क्योंकि वह माहौल को काफी शांत रखने वाला है। खिलाड़ी के रूप में सूर्या को एक तरफ रख भी दें, तो बतौर लीडर उन्होंने हर पहलू में खुद को साबित किया है। यह बहुत अच्छी बात है कि देश को लीड करने के लिए आपके पास उनके जैसा कप्तान है, क्योंकि उनका इरादा साफ है और वह हमेशा टीम के हित में फैसले लेते हैं।”
कप्तानी में सूर्या का रिकॉर्ड
भारतीय टीम टूर्नामेंट में आगे बढ़ते हुए अपना प्रदर्शन और बेहतर करना चाहेगी। मौजूदा चैंपियन टीम इस वर्ल्ड कप में मजबूत दावेदार के रूप में उतरी है। रोहित शर्मा से कप्तानी संभालने के बाद सूर्यकुमार यादव ने 44 टी20 मैचों में भारत की अगुवाई की है, जिनमें से 35 में टीम ने जीत हासिल की है और सिर्फ सात मुकाबले हारे हैं। टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने खिलाड़ियों के लिए नई दिल्ली स्थित अपने घर पर खास डिनर का आयोजन किया। इसका उद्देश्य था कि खिलाड़ी लगातार ट्रेनिंग और मैचों की थकान से थोड़ा आराम पा सकें और टीम का माहौल हल्का रहे।