Gautam Gambhir: गौतम गंभीर ने धोनी के पोस्ट पर दिया मजेदार जवाब, सोशल मीडिया पर हुआ वायरल

T20 World Cup 2026: अहमदाबाद में टी20 वर्ल्ड कप 2026 जीतने के बाद एमएस धोनी ने सोशल मीडिया पर टीम इंडिया को बधाई दी। वहीं सोशल मीडिया पर पूर्व कप्तान धोनी का पोस्ट तेजी से वायरल हो रहा है। वहीं धोनी के पोस्ट पर गौतम गंभीर ने रिएक्शन भी दिया है

अपडेटेड Mar 09, 2026 पर 3:58 PM
Story continues below Advertisement
धोनी ने अपने मैसेज में उन्होंने गौतम गंभीर और उनकी मुस्कान का अलग से जिक्र किया

अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में न्यूज़ीलैंड को हराकर भारत ने 2026 का टी20 वर्ल्ड कप अपने नाम कर लिया। इस जीत के बाद पूर्व कप्तान एमएस धोनी समेत कई दिग्गजों ने सोशल मीडिया पर टीम इंडिया को बधाई दी। वहीं सोशल मीडिया पर पूर्व कप्तान धोनी का पोस्ट तेजी से वायरल हो रहा है। वहीं धोनी के पोस्ट पर गौतम गंभीर ने रिएक्शन भी दिया है। गौतम गंभीर का रिएक्शन भी लोगों के बीच काफी चर्चा में आ गया। कुछ ही घंटों के भीतर ये पोस्ट इंस्टाग्राम पर भारतीयों द्वारा सबसे ज्यादा पसंद किए जाने वाले पोस्ट में शामिल हो गई।

धोनी ने अपने मैसेज में उन्होंने गौतम गंभीर और उनकी मुस्कान का अलग से जिक्र किया, जिसने लोगों का खास ध्यान खींचा और पोस्ट को और ज्यादा चर्चा में ला दिया।

धोनी ने पोस्ट में गंभीर का किया जिक्र


एमएस धोनी ने इंस्टाग्राम पर टीम इंडिया को बधाई देते हुए लिखा, “अहमदाबाद में इतिहास रचा गया है। पूरी टीम, सपोर्ट स्टाफ और दुनिया भर में भारतीय क्रिकेट टीम के सभी फैंस को ढेर सारी बधाई। आप सभी को खेलते हुए देखकर बहुत अच्छा लगा। कोच साहब की मुस्कान भी आप पर खूब जच रही है, मुस्कान और आक्रामकता का यह मेल शानदार है। बहुत बढ़िया खेला, दोस्तों, अब इस जीत का पूरा आनंद लो। और जहां तक बुमराह की बात है, उनके बारे में ज्यादा कुछ कहने की जरूरत ही नहीं है, वह एक चैंपियन गेंदबाज हैं।”

गौतम ने दिया रिप्लाई

सोमवार दोपहर गौतम गंभीर ने इस पोस्ट पर जवाब देते हुए लिखा, “और मुस्कुराने की क्या वजह हो सकती है, आपसे मिलकर अच्छा लगा!” उनके इस छोटे से जवाब को भी लोगों ने खूब पसंद किया और सिर्फ एक घंटे के भीतर ही इसे करीब 20 हजार से ज्यादा लाइक्स मिल चुके हैं। यह पोस्ट इसलिए भी ज्यादा चर्चा में हैं क्योंकि लंबे समय से ऐसा माना जाता रहा है कि खेलने के दिनों से ही एमएस धोनी और गौतम गंभीर के रिश्ते ज्यादा अच्छे नहीं रहे।

दिलचस्प बात यह है कि धोनी और गौतम गंभीर पहले भी साथ मिलकर भारत को बड़ी सफलता दिला चुके हैं। साल 2007 में जब भारत ने पहला टी20 वर्ल्ड कप जीता था, तब धोनी टीम के कप्तान थे और उन्होंने शानदार नेतृत्व किया था, जबकि फाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ गंभीर ने बेहतरीन पारी खेलकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई थी।

मैच के दौरान स्टेडियम में थे धोनी

भारत के टी20 वर्ल्ड कप जीतने के समय एमएस धोनी भी अहमदाबाद के स्टेडियम में मौजूद थे। मैच शुरू होने से पहले उन्होंने रोहित शर्मा के साथ मिलकर ट्रॉफी को स्टेज पर लाकर पेश किया। 2026 का टी20 वर्ल्ड कप जीतकर भारत ने इतिहास रच दिया। ये टीम इंडिया का कुल तीसरा और लगातार दूसरा खिताब है। फाइनल में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने शानदार प्रदर्शन किया और 20 ओवर में 5 विकेट पर 255 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। इसके जवाब में न्यूजीलैंड की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं पाई और 19 ओवर में सिर्फ 159 रन पर ही ऑल आउट हो गई, जिससे भारत ने बड़ी जीत हासिल की।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।