Gautam Gambhir: 'मैं चाहता हूं एक दिन वह मेरी जगह पर...' गौतम गंभीर ने एमएस धोनी के पोस्ट पर दिया जवाब

Gautam Gambhir: टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद से ही हेड कोच गौतम गंभीर चर्चा में हैं। हाल ही में एक इंटरव्यू में टीम के हेड कोच ने कहा कि वह चाहते हैं कि भविष्य में एमएस धोनी उनकी जगह टीम इंडिया के कोच बनें

अपडेटेड Mar 16, 2026 पर 8:36 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
गौतम गंभीर ने कहा कि वह चाहते हैं कि एक दिन ऐसा समय आए जब भूमिकाएं बदल जाएं

टी20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया के चैंपियन बनने के बाद कोच गौतम गंभीर काफी चर्चा में हैं। हाल ही में एक इंटरव्यू में टीम के हेड कोच गौतम गंभीर ने कहा कि वह चाहते हैं कि भविष्य में एमएस धोनी उनकी जगह टीम इंडिया के कोच बनें। गौतम गंभीर का ये बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वहीं इस इंटरव्यू में गंभीर ने धोनी के पोस्ट पर भी अपना रिएक्शन दिया है।

RevSportz के एक कार्यक्रम में हेड कोच गौतम गंभीर से टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत की जीत के बाद धोनी के सोशल मीडिया मैसेज के बारे में सवाल किया गया। वर्ल्ड कप जीतने के बाद धोनी ने अपने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट किया था। इस पोस्ट में चेन्नई सुपर किंग्स के दिग्गज धोनी ने कहा था कि गंभीर के चेहरे पर मुस्कान अच्छी लग रही थी।

कोच ने क्या कहा


गौतम गंभीर ने कहा कि वह चाहते हैं कि एक दिन ऐसा समय आए जब भूमिकाएं बदल जाएं और एमएस धोनी उनकी जगह टीम के साथ हों। गंभीर ने इवेंट में कहा, “वर्ल्ड कप फाइनल देखने के लिए उनका आना अच्छा लगा। उन्होंने मुझे मुस्कुराने के लिए कहा, यह भी अच्छा लगा। मैं चाहता हूं कि एक दिन वह मेरी जगह पर हों और मैं भी उनके लिए ऐसा ही मैसेज लिख सकूं। उम्मीद है कि वह भी डगआउट में बैठकर मुस्कुराते हुए नजर आएं।”

एक बार बतौर मेंटर कर चुके हैं काम

भारतीय क्रिकेट के दो बड़े खिलाड़ी गौतम गंभीर और एमएस धोनी के बीच हाल में दिखाई दी आपसी तारीफ से फैंस काफी खुश हैं। पहले गौतम गंभीर और एमएस धोनी के रिश्ते को लेकर काफी चर्चा होती थी, लेकिन अब दोनों के बीच दिख रहा सम्मान फैंस को पसंद आ रहा है। बता दें धोनी ने भारतीय टीम के साथ सिर्फ एक बार काम किया है, जब वह 2021 टी20 वर्ल्ड कप में कुछ समय के लिए मेंटर बने थे। हालांकि उस टूर्नामेंट में भारत ग्रुप स्टेज से ही बाहर हो गया था। फिर भी कई क्रिकेट एक्सपर्ट मानते हैं कि जब धोनी चेन्नई के लिए खेलना छोड़ देंगे, तो वह टीम के साथ मेंटर की भूमिका निभा सकते हैं।

गंभीर के कार्यकाल में जीती दो आईसीसी टॉफी

फिलहाल गौतम गंभीर कोच के रूप में काफी सफल माने जा रहे हैं। उनकी कोचिंग में भारत ने दो आईसीसी ट्रॉफी जीती हैं। टेस्ट क्रिकेट में कुछ कुछ चुनौतियां जरूर रही हैं, लेकिन वह चाहें तो 2027 वनडे वर्ल्ड कप के बाद भी कोच बने रह सकते हैं। वहीं एमएस धोनी के आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेलने की उम्मीद है और टीम अपना पहला मैच 30 मार्च को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ खेलेगी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।