U-19 वर्ल्ड कप में हैंडशेक विवाद की वापसी! टॉस के समय भारत और बांग्लादेश के कप्तानों ने नहीं मिलाया हाथ

U-19 World Cup 2026: शनिवार (17 जनवरी) को क्वींस स्पोर्ट्स क्लब में ICC अंडर-19 वर्ल्ड कप में ग्रुप A के मैच से पहले टॉस के समय भारत के कप्तान आयुष म्हात्रे और बांग्लादेश के उप-कप्तान ज़वाद अबरार ने रिवाज़ के मुताबिक हाथ नहीं मिलाया। इस दौरान दोनों पड़ोसी देशों के बीच रिश्तों में तनाव साफ दिखा

अपडेटेड Jan 17, 2026 पर 9:44 PM
Story continues below Advertisement
U-19 वर्ल्ड कप 2026 में भारत-बांग्लादेश के बीच हैंडशेक विवाद की वापसी हो गई

U-19 World Cup 2026: भारत और बांग्लादेश के बीच तनावपूर्ण द्विपक्षीय संबंधों का असर शनिवार (17 जनवरी) को जिम्बाब्वे में क्रिकेट के मैदान पर भी दिखा। शनिवार (17 जनवरी) को बुलावायो में ICC अंडर-19 वर्ल्ड कप ग्रुप A मैच से पहले दोनों टीमों के कप्तानों ने परंपरा के अनुसार हाथ नहीं मिलाए। हालांकि, बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने बाद में कहा कि उनके कप्तान ने ऐसा जान बूझकर नहीं किया। यह एक क्षणिक चूक से हो गया। खबर लिखे जाने तक BCCI ने इस घटना पर कोई टिप्पणी नहीं की है।

बारिश के कारण मैच देरी से शुरू होने के बाद भारत के कप्तान आयुष म्हात्रे और बांग्लादेश के उप कप्तान जवाद अबरार टॉस के लिए आए थे। लेकिन सिक्का उछालने से पहले या बाद में उन्होंने हाथ नहीं मिलाया। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने बाद में एक बयान में कहा कि यह गैर इरादतन था। कुछ पल के लिए यह एकाग्रता भंग होने से हो गया।

बोर्ड ने ढाका में जारी बयान में कहा, "विरोधी टीम के प्रति असभ्यता या अनादर दिखाने का कोई इरादा नहीं था। नियमित कप्तान अजीजुल हकीम बीमार होने के कारण टॉस के लिए नहीं गए और उपकप्तान जवाद अबरार वहां मौजूद थे।"


BCB ने कहा, "बोर्ड यह स्पष्ट करना चाहता है कि विरोधी कप्तान से हाथ नहीं मिलाने की घटना पूरी तरह से गैर इरादतन थी और एकाग्रता क्षणिक तौर पर भंग होने के कारण हुई। विरोधी टीम के प्रति अनादर या असभ्यता दिखाने का मकसद नहीं था।"

बयान ने आगे कहा, "बोर्ड ने मामले को गंभीरता से लिया है। क्रिकेट की भावना को बनाए रखना और विरोधियों के प्रति सम्मान रखना बांग्लादेश का किसी भी स्तर पर प्रतिनिधित्व करने की मूलभूत शर्त है। इस संबंध में टीम मैनेजमेंट को तुरंत सूचित कर दिया गया। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड क्रिकेट के मूल्यों के प्रति मैदान के भीतर और बाहर पूरी तरह प्रतिबद्ध है।"

बता दें कि पिछले साल एशिया कप से भारत और पाकिस्तान के बीच हाथ नहीं मिलाने की नीति चल रही है जो पहलगाम नरसंहार के बाद शुरू हुई थी। हाल के दिनों में भारत और बांग्लादेश के बीच राजनीतिक और क्रिकेट संबंध काफी खराब हुए हैं। हाल के दिनों में पड़ोसी देश में अल्पसंख्यकों पर कथित अत्याचार के विरोध में भारत के विभिन्न हिस्सों में बांग्लादेश विरोधी कई रैलियां आयोजित की गई।

ये भी पढ़ें- 'जूतों से पीटना चाहिए...'; चीफ गेस्ट नहीं बनाने पर आग बबूला हुए SP सांसद सनातन पांडे, अधिकारियों को दी सरेआम धमकी

क्रिकेट संबंध भी तब और खराब हो गए जब BCCI ने हाल में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) से बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्ताफिजुर रहमान का आईपीएल कॉन्ट्रेक्ट खत्म करने को कहा। इसके बाद बांग्लादेश ने ICC से खिलाड़ियों, अधिकारियों और फैंस के लिए संभावित सुरक्षा जोखिमों का हवाला देते हुए आगामी टी20 वर्ल्ड कप मुकाबलों को भार से दूसरी जगह शिफ्ट करने का अनुरोध किया है। इस संबंध में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के बीच फिलहाल बातचीत चल रही है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।