T20 World Cup: 'वर्ल्ड कप ट्रॉफी मंदिर ले जाने पर...', कीर्ति आजाद के बयान पर भड़के हरभजन सिंह

T20 World Cup: पुर्व क्रिकेटर कीर्ति आजाद के बयान पर पुर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह ने अपना रिएक्शन दिया है। भारत के पूर्व स्पिनर और दो बार के वर्ल्ड कप विजेता हरभजन सिंह ने ट्रॉफी को मंदिर ले जाने के मुद्दे को राजनीतिक रंग देने पर नाराजगी जताई

अपडेटेड Mar 10, 2026 पर 9:22 PM
Story continues below Advertisement
हरभजन सिंह ने कहा कि एक पूर्व क्रिकेटर होने के नाते आजाद को ऐसे बयान देने से बचना चाहिए

टीम इंडिया के टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद से पूरे देश में खुशी का माहौल है। भारतीय टीम ने तीसरी बार ये खिताब जीतकर इतिहास रच दिया है। इस जीत के बाद पूर्व क्रिकेटर और टीएमसी सांसद कीर्ति आजाद का एक सोशल मीडिया पोस्ट चर्चा में आ गया है। उन्होंने भारतीय टीम द्वारा टी20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी को अहमदाबाद के एक मंदिर में ले जाने पर सवाल उठाया है। दरअसल कप्तान सूर्यकुमार यादव, हेड कोच गौतम गंभीर और आईसीसी चेयरमैन जय शाह स्टेडियम के पास स्थित हनुमान मंदिर में ट्रॉफी के साथ आशीर्वाद लेने गए थे। इस पर रिएक्शन देते हुए कीर्ति आजाद ने कहा कि खेल और खिलाड़ी किसी एक धर्म या जाति से जुड़े नहीं होते।

कीर्ति के इस बयान पर पुर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह ने अपना रिएक्शन दिया है। भारत के पूर्व स्पिनर और दो बार के वर्ल्ड कप विजेता हरभजन सिंह ने ट्रॉफी को मंदिर ले जाने के मुद्दे को राजनीतिक रंग देने पर नाराजगी जताई।

हरभजन ने जताई नाराजगी


ANI से बातचीत में हरभजन सिंह ने कहा कि एक पूर्व क्रिकेटर होने के नाते आजाद को ऐसे बयान देने से बचना चाहिए। हरभजन सिंह ने कहा, “यह थोड़ा अजीब लगता है कि खिलाड़ी ट्रॉफी को मंदिर ले जाएं और उस पर कोई राजनीति करने लगे। कीर्ति आजाद खुद भी पूर्व क्रिकेटर हैं, इसलिए मुझे उनसे ऐसी बात की उम्मीद नहीं थी। शायद वह राजनीति को ज्यादा महत्व दे रहे हैं और भूल गए हैं कि वह पहले एक खिलाड़ी भी रहे हैं।”

कीर्ति आजाद ने क्या कहा

साल 1983 विश्व कप विजेता टीम के सदस्य रहे कीर्ति आजाद ने कहा था, “जब टीम इंडिया जीती, तो पूरे देश के 140 करोड़ लोग खुश थे। टीम में अलग-अलग धर्मों के खिलाड़ी होते हैं और खेल किसी धर्म या जाति से नहीं जुड़ा होता। एक खिलाड़ी के तौर पर मैं कहूंगा कि टीम इंडिया की जीत पूरे भारत की जीत है और यह देश के हर नागरिक के लिए गर्व की बात है।”

हरभजन सिंह ने क्या कहा

हरभजन सिंह ने बीसीसीआई की ओर से भारतीय टीम के लिए घोषित इनाम पर भी अपनी राय रखी है। बीसीसीआई ने टी20 वर्ल्ड कप जीतने पर भारतीय टीम को 131 करोड़ रुपए के इनाम देने की घोषणा की है। उन्होंने कहा, “मुझे इनाम से थोड़ी ज्यादा उम्मीद थी, क्योंकि जब इतना बड़ा काम किया जाता है तो इनाम भी और बड़ा होना चाहिए। लेकिन फिर भी वर्ल्ड कप में टीम के शानदार प्रदर्शन और दुनिया को यह दिखाने के लिए कि भारत कितना ताकतवर है, इसके लिए पूरी टीम को बधाई।”

कैसा था मुकाबला

रविवार को भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर टी20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया और अपने टाइटल का सफल बचाव भी किया। इस जीत के साथ टीम इंडिया अपने ही देश में टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली पहली टीम बन गई। साथ ही भारत 2024 के बाद लगातार दो बार यह खिताब जीतने वाली और कुल तीन बार टी20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी अपने नाम करने वाली पहली टीम भी बन गई।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।