Harbhajan Singh: भारत की वनडे और टेस्ट टीम के कप्तान शुभमन गिल को 2026 के टी20 वर्ल्ड कप के लिए चुनी गई टीम में शामिल नहीं किया गया है। वहीं गिल के टी20 वर्ल्ड कप में जगह नहीं मिलने पर हर कोई हैरान है। पूर्व भारतीय ऑफ-स्पिनर हरभजन सिंह ने भी गिल के टीम में नहीं शामिल किए जाने पर अपना रिएक्शन दिया है। हरभजन सिंह ने टी20 वर्ल्ड कप के लिए टीम इंडिया के चयन को लेकर बीसीसीआई के चीफ सिलेक्टर अजीत अगरकर के फैसलों की सराहना की है। उन्होंने कहा कि सिलेक्शन पैनल ने इस बड़े टूर्नामेंट के लिए साहसिक कदम उठाए हैं।
हरभजन सिंह ने शुभमन गिल को टीम से बाहर किए जाने पर सहानुभूति जताई, लेकिन साथ ही सिलेक्शन कमेटी की सोच और रणनीति का समर्थन भी किया। उनका मानना है कि चुनी गई यह टीम बड़े टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करने की पूरी क्षमता रखती है।
हरभजन सिंह ने ANI से बातचीत में कहा, "भारतीय टीम वाकई बहुत मजबूत है। मैंने कहा था कि अजीत अगरकर को टीम चयन के लिए पूरे 10 में 10 नंबर दिए। शुभमन गिल के बाहर होने पर उन्हें थोड़ा दुख हुआ, लेकिन भरोसा जताया कि उन्हें आगे और मौके जरूर मिलेंगे।" उन्होंने आगे कहा, "टीम के सभी खिलाड़ी मैच जिताने की क्षमता रखते हैं और उम्मीद है कि भारत लगातार दूसरा वर्ल्ड कप भी जीत सकता है, क्योंकि टीम में वह दम मौजूद है।"
सिलेक्शन कमेटी ने इस बड़े टूर्नामेंट के लिए एक मजबूत और बैलेंस्ड टीम चुनी है, जिसमें हर विभाग में गहराई और मैच जिताने वाले खिलाड़ी मौजूद हैं। हालांकि, टीम को लेकर एक चिंता कप्तान सूर्यकुमार यादव के हालिया फॉर्म को लेकर है। पिछले साल सूर्या का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है। हरभजन सिंह ने कहा कि सूर्यकुमार यादव बड़े मुकाबलों में अच्छा प्रदर्शन करने की पूरी क्षमता रखते हैं। वहीं टी20 वर्ल्ड कप से जितेश शर्मा को बाहर किया गया और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन के बाद ईशान किशन को दोबारा टीम में शामिल किया गया।
उन्होंने आगे कहा,"भले ही सूर्यकुमार यादव ने हाल के समय में ज्यादा रन नहीं बनाए हों, लेकिन वर्ल्ड कप जैसे बड़े टूर्नामेंट में टीम को बड़े खिलाड़ियों की जरूरत होती है और उन्हें पूरा भरोसा है कि सूर्यकुमार अहम मैचों में चमकेंगे।" उन्होंने आगे कहा,"अभिषेक शर्मा अपने दम पर मैच जिता सकते हैं, वहीं हार्दिक पांड्या जिस फॉर्म में हैं, वह उन्हें खास खिलाड़ी बनाता है। इसके अलावा गेंदबाजी में अर्शदीप सिंह और जसप्रीत बुमराह की तेज़ जोड़ी भारत के लिए बड़ी ताकत साबित हो सकती है।"