Hardik Pandya: भारत और न्यूजीलैंड के बीच 3 मैचों की वनडे सीरीज जनवरी में खेला जाएगा। सीरीज के लिए टीम का ऐलान जल्द ही किया जाएगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक, बीसीसीआई के सेलेक्टर्स 4 या 5 जनवरी को भारत की वनडे टीम का ऐलान कर सकते हैं। वहीं इससे पहले एक बड़ी खबर आ रही है। भारत के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या और जसप्रीत बुमराह न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे टीम का हिस्सा नहीं होंगे। दोनों खिलाड़ियों को वनडे सीरीज से आराम दिया जा सकता है। टी20 सीरीज में बुमराह और पांड्या खेलते हुए नजर आएंगे। टी20 विश्व कप 2026 की तैयारी पर ध्यान देते हुए दोनों खिलाड़ियों को आराम दिया गया है।
भारत और न्यूजीलैं के बीच सीरीज की शुरुआत 11 जनवरी को वडोदरा में होगी। इसके बाद दूसरा वनडे 14 जनवरी को राजकोट में और तीसरा व आखिरी मुकाबला 18 जनवरी को इंदौर में खेला जाएगा। ये सीरीज दोनों टीमों के लिए अहम मानी जा रही है।
बुमराह-हार्दिक को मिलेगा आराम
क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, "चयनकर्ता इस सीरीज में स्टार गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के साथ-साथ ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या को भी आराम देने का फैसला कर सकते हैं। माना जा रहा है कि खिलाड़ियों के वर्कलोड को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया जा सकता है।" हार्दिक पांड्या और जसप्रीत बुमराह पूरी तरह फिट हैं, लेकिन न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ होने वाली पांच मैचों की T20I सीरीज और टी20 वर्ल्ड कप 2026 की तैयारी को देखते हुए उन्हें वनडे सीरीज से आराम दिया जाएगा। दोनों खिलाड़ी आगे होने वाले बड़े टूर्नामेंट के लिए भारत की T20I टीम का अहम हिस्सा बने रहेंगे।
आखिरी बार कब खेले थे वनडे
हार्दिक पांड्या ने 9 मार्च को दुबई में आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था। इसके बाद से हार्दिक ने भारत के लिए कोई वनडे मैच नहीं खेला है। वहीं, जसप्रीत बुमराह आखिरी बार भारत के लिए वनडे मुकाबले में आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2023 के फाइनल में नजर आए थे, जो नरेंद्र मोदी स्टेडियम में ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ खेला गया था।
विजय हजारे ट्रॉफी में नजर आएंगे हार्दिक
रिपोर्ट्स के मुताबिक हार्दिक पांड्या घरेलू क्रिकेट में वापसी करते हुए विजय हजारे ट्रॉफी 2025–26 में अपनी टीम बड़ौदा क्रिकेट टीम के लिए कुछ मैच खेल सकते हैं। बीसीसीआई ने सभी भारतीय खिलाड़ियों के लिए घरेलू क्रिकेट खेलना अनिवार्य किया है, इसी वजह से रोहित शर्मा और विराट कोहली भी इस सीज़न में मुंबई और दिल्ली की ओर से शुरुआती मैच खेलते नज़र आए। क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार, हार्दिक टूर्नामेंट के आखिरी तीन लीग मैचों में से दो मुकाबलों में बड़ौदा की टीम का हिस्सा हो सकते हैं, जिसकी कप्तानी उनके बड़े भाई क्रुणाल पांड्या कर रहे हैं।