अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज शुरू होने से पहले भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा है। विराट कोहली के बाद अब स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या भी इस सीरीज से बाहर हो सकते हैं। मिली जानकारी के मुताबिक, क्वाड्रिसेप्स में खिंचाव की वजह से हार्दिक को कम से कम दो सप्ताह तक के लिए मैदान से दूर रहना होगा। वहीं भारत और अफगानिस्तान के बीच मुकाबले की शुरुआत 13 जून से धर्मशाला में होगी।
अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज 13 जून से धर्मशाला में शुरू होगी, जबकि इसके अगले मुकाबले 17 जून को लखनऊ और 20 जून को चेन्नई में खेले जाएंगे। टीम की कमान शुभमन गिल संभाल रहे हैं।
पांड्या को लेकर आया ये अपडेट
पीटीआई के मुताबिक, इस नई चोट के कारण 32 वर्षीय हार्दिक पांड्या के अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज में खेलने की कोई संभावना नहीं है। बीसीसीआई के एक सूत्र ने कहा, "उन्हें पूरी तरह फिट होने में करीब तीन सप्ताह का समय लगेगा। ऐसे में उनका रिहैबिलिटेशन समय पर पूरा नहीं हो पाएगा, इसलिए उनके वनडे सीरीज में खेलने का बिल्कुल भी मौका नहीं है।"
आईपीएल 2026 के दौरान पीठ में परेशानी के बाद हार्दिक पांड्या ने फिटनेस जांच के लिए बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में रिपोर्ट किया था। शुरुआती में उन्हें अफगानिस्तान के खिलाफ आगामी वनडे सीरीज में खेलने के लिए फिट माना गया था। लेकिन कुछ ही देर के बाद उनकी उपलब्धता पर फिर से सवाल खड़े हो गए। ताजा स्थिति के चलते वह अब इस सीरीज का हिस्सा नहीं बन पाएंगे, जिससे भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा है।
भारत के लिए कब खेले थे आखिरी मुकाबला
हार्दिक पांड्या ने भारतीय टीम के लिए अपना आखिरी वनडे मुकाबला 2025 चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में खेला था, जिसमें भारत ने न्यूजीलैंड को हराकर खिताब जीता था। इसके बाद से वह वनडे टीम से दूर रहे हैं और ऑस्ट्रेलिया, साउथ अफ्रीका तथा न्यूजीलैंड के खिलाफ खेली गई तीन वनडे सीरीज में हिस्सा नहीं ले सके। लगातार फिटनेस और उपलब्धता से जुड़ी चुनौतियों के कारण उनकी वापसी का इंतजार अभी भी जारी है।