IPL 2026: हर्षित राणा से लेकर पैट कमिंस तक... इंजरी की वजह से आईपीएल 2026 में नहीं दिखेंगे ये स्टार खिलाड़ी!

IPL 2026: आईपीएल 2026 की शुरुआत 28 मार्च से हो रही है। वहीं कुछ टीमों को अपने अहम खिलाड़ियों की चोट से परेशानी हो रही है। जोश हेजलवुड, पैट कमिंस और हर्षित राणा जैसे खिलाड़ियों की फिटनेस को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है

अपडेटेड Mar 18, 2026 पर 10:00 AM
Story continues below Advertisement
जानें उन पांच खिलाड़ियों के बारे में जो चोट के चलते इस सीजन के शुरुआती कुछ मैच से बाहर हो सकते हैं

IPL 2026: आईपीएल 2026 शुरू होने में अब ज्यादा समय नहीं बचा है। आईपीएल की सभी 10 टीमों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। आईपीएल की शुरुआत 28 मार्च को आरसीबी और एसआरएच के मुकाबले से होगा। वहीं आईपीएल की शुरुआत से पहले कुछ टीमों अपने कई अहम खिलाड़ियों की चोट समस्या से जूझ रही है। जोश हेजलवुड और पैट कमिंस जैसे बड़े खिलाड़ियों की फिटनेस को लेकर अभी भी अनिश्चितता बनी हुई है, क्योंकि उन्होंने हाल के समय में ज्यादा मैच नहीं खेले हैं। वहीं भारत के हर्षित राणा के खेलने पर भी सवाल है।

इसके अलावा कुछ श्रीलंकाई गेंदबाजों की उपलब्धता पर भी सवाल है। ऐसे में आइए जानते हैं उन पांच खिलाड़ियों के बारे में, जो चोट के चलते इस सीजन के शुरुआती कुछ मैच से बाहर हो सकते हैं।

पैट कमिंस


पैट कमिंस आईपीएल में सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेलते हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पैट कमिंस आईपीएल 2026 के शुरुआती कुछ मुकाबलों में सनराइजर्स हैदराबाद के लिए उपलब्ध नहीं रह सकते हैं। उनकी गैरहाजिरी में टीम की कप्तानी ईशान किशन या अभिषेक शर्मा को सौंपी जा सकती है। कमिंस ने 2024 में टीम को फाइनल तक पहुंचाया था और 2025 सीजन में सभी 14 लीग मैच खेले थे। चोट की वजह से पैट कमिंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 का हिस्सा नहीं थे।

जोश हेजलवुड

जोश हेजलवुड ने आरसीबी के लिए उनके खिताबी सीजन में सबसे ज्यादा विकेट लिए थे। वहीं आईपीएल 2026 में उनकी उपलब्धता पर सवाल बना हुआ है। खबरों के मुताबिक, ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड आईपीएल 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के शुरुआती दो मैच नहीं खेल पाएंगे। पैट कमिंस की तरह हेजलवुड भी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में ऑस्ट्रेलिया के लिए नहीं खेल पाए थे। दरअसल, उन्होंने आखिरी बार नवंबर 2025 में कोई प्रतिस्पर्धी मैच खेला था, जिसके बाद से वह मैदान से दूर हैं।

हर्षित राणा

भारतीय तेज गेंदबाज हर्षित राणा का आईपीएल 2026 में खेलना मुश्किल नजर आ रहा है। हाल ही में उन्हें बीसीसीआई के नमन अवॉर्ड्स में बैसाखी के सहारे चलते देखा गया, जिससे साफ है कि वह अभी पूरी तरह फिट नहीं हैं। हर्षित राणा को 4 फरवरी को नवी मुंबई में साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप 2026 के एक वार्म-अप मैच के दौरान चोट लगी थी। इसी वजह से उन्हें टीम से बाहर होना पड़ा और उनकी जगह मोहम्मद सिराज को भारतीय टीम में शामिल किया गया था।

वानिंदु हसरंगा

लखनऊ सुपर जायंट्स ने आईपीएल 2026 की नीलामी में श्रीलंका के स्टार ऑलराउंडर वानिंदु हसरंगा को अपनी टीम में शामिल किया था। लेकिन टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दौरान लगी चोट के कारण उनके इस सीजन में खेलने को लेकर अभी स्थिति साफ नहीं है।

मथीशा पथिराना

श्रीलंका के तेज गेंदबाज मथीशा पथिराना को कोलकाता नाइट राइडर्स ने आईपीएल 2026 की नीलामी में 18 करोड़ रुपये में खरीदा था, लेकिन चोट की वजह से उनका इस सीजन में खेलना मुश्किल लग रहा है। उन्हें टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दौरान श्रीलंका के लिए खेलते समय चोट लगी थी, जिसके चलते उनकी उपलब्धता पर अब सवाल खड़े हो गए हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।