'मुझे गाली दी गई...; जेसन गिलेस्पी ने भारत-बांग्लादेश विवाद पर ट्वीट डिलीट करने के पीछे की बताई असली वजह

Jason Gillespie: गिलेस्पी ने ICC को याद दिलाया कि पिछले साल चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान जब भारत ने पाकिस्तान जाने से मना किया था, तो आईसीसी ने भारत के मैच दुबई में कराए थे। गिलेस्पी ने सवाल किया था कि, 'क्या आईसीसी ने स्पष्ट किया है कि बांग्लादेश को भारत से बाहर खेलने की अनुमति क्यों नहीं दी गई?

अपडेटेड Jan 26, 2026 पर 12:26 PM
Story continues below Advertisement
गिलेस्पी ने टी20 विश्व कप 2026 के लिए बांग्लादेश के भारत आने से इनकार और आईसीसी द्वारा उन्हें स्कॉटलैंड से रिप्लेस करने के फैसले पर सवाल उठाए थे

Jason Gillespie: ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज गेंदबाज और पाकिस्तान के पूर्व कोच जेसन गिलेस्पी (Jason Gillespie) एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार वजह कोई क्रिकेट मैच नहीं, बल्कि उनका एक डिलीट किया गया ट्वीट है। गिलेस्पी ने टी20 विश्व कप 2026 के लिए बांग्लादेश के भारत आने से इनकार और आईसीसी (ICC) द्वारा उन्हें स्कॉटलैंड से रिप्लेस करने के फैसले पर सवाल उठाए थे। हालांकि, भारी विवाद और ऑनलाइन ट्रोलिंग के बाद उन्हें अपना ट्वीट हटाना पड़ा। अब गिलेस्पी ने खुलासा किया है कि उन्हें इस 'साधारण सवाल' के लिए काफी अपशब्द कहे गए।

क्या था पूरा विवाद?

बांग्लादेश ने तनाव और सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए भारत में अपने ग्रुप-स्टेज मैच खेलने से मना कर दिया था। आईसीसी ने उनकी मांग ठुकरा दी और उनकी जगह स्कॉटलैंड को टूर्नामेंट में शामिल कर लिया। गिलेस्पी ने इसी दोहरे मानदंड पर सवाल उठाते हुए ट्वीट किया था। गिलेस्पी ने याद दिलाया कि पिछले साल चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान जब भारत ने पाकिस्तान जाने से मना किया था, तो आईसीसी ने भारत के मैच दुबई में कराए थे। गिलेस्पी ने सवाल किया था कि, 'क्या आईसीसी ने स्पष्ट किया है कि बांग्लादेश को भारत से बाहर खेलने की अनुमति क्यों नहीं दी गई? भारत को पाकिस्तान से बाहर खेलने की अनुमति मिली थी, कोई मुझे यह समझा सकता है?'


'गालियां मिलीं इसलिए डिलीट किया ट्वीट'

ट्वीट डिलीट करने के बाद जब प्रशंसकों ने उनसे कारण पूछा, तो गिलेस्पी ने स्पष्ट शब्दों में अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने लिखा, 'क्योंकि एक साधारण सवाल पूछने के लिए मुझे गाली दी गई, इसलिए मैंने उसे हटाया।' सोशल मीडिया पर भारतीय प्रशंसकों के एक बड़े वर्ग ने गिलेस्पी को ट्रोल करना शुरू कर दिया था, जिसके बाद उन्होंने विवाद से बचने के लिए यह कदम उठाया।

आईसीसी की साख पर सवाल?

गिलेस्पी के इस रुख ने क्रिकेट जगत में एक नई बहस छेड़ दी है। विशेषज्ञों का मानना है कि अगर श्रीलंका सह-मेजबान के रूप में उपलब्ध था, तो बांग्लादेश के मैचों को वहां शिफ्ट किया जा सकता था। हालांकि, आईसीसी के इस कड़े फैसले ने साफ कर दिया है कि वह टूर्नामेंट के शेड्यूल में आखिरी वक्त पर बड़े बदलाव के पक्ष में नहीं है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।