T20 World Cup 2026: डिफेंडिंग चैंपियन भारत ने अहमदाबाद में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रन से मात देकर लगातार दूसरी बार खिताब जीत लिया। टी20 वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने ‘टीम ऑफ द टूर्नामेंट’ में जगह दी गई है। आईसीसी ने सोमवार को टी20 वर्ल्ड कप 2026 की ‘टीम ऑफ द टूर्नामेंट’ का ऐलान कर दिया है। इस टीम में भारत के चार खिलाड़ियों को जगह मिली है। हैरान करने वाली बात है कि 'टीम ऑफ द टूर्नामेंट' में भारत को तीसरी बार वर्ल्ड कप जीताने वाले कप्तान सूर्यकुमार यादव का नाम नहीं शामिल किया गया है। आइए जानते हैं किन खिलाड़ियों को इसमें जगह मिली है।
आईसीसी के ‘टीम ऑफ द टूर्नामेंट’ में भारत के संजू सैमसन, ईशान किशन, हार्दिक पांड्या और जसप्रीत बुमराह को शामिल किया गया है। वहीं साउथ अफ्रीका के कप्तान एडेन मार्करम को इस टीम की कप्तानी सौंपी गई है।
पाकिस्तान के फरहान भी टीम में
पाकिस्तान के ओपनर साहिबजादा फरहान टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। 29 वर्षीय फरहान ने पूरे टूर्नामेंट में 160.25 के स्ट्राइक रेट से कुल 383 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने नामीबिया और श्रीलंका के खिलाफ दो शानदार शतक भी लगाए। उनके दमदार प्रदर्शन की बदौलत पाकिस्तान सुपर-8 तक पहुंचा, हालांकि टीम सेमीफाइनल में जगह बनाने में सफल नहीं हो सकी।
संजू सैमसन भी टीम में शामिल
संजू सैमसन को टीम में दूसरे ओपनर के रूप में जगह दी गई और उन्हें टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी भी चुना गया। उन्होंने सेमीफाइनल में इंग्लैंड और फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ 89-89 रन की शानदार पारियां खेलीं। वहीं ईशान किशन ने भी फाइनल मुकाबले में अर्धशतक लगाया और पूरे टूर्नामेंट में कुल 317 रन बनाए। इसी के साथ वह भारत के लिए इस प्रतियोगिता में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बने।
हार्दिक-बुमराह भी लिस्ट में
हार्दिक पांड्या पूरे टूर्नामेंट में टीम के लिए अहम खिलाड़ी साबित हुए। इस ऑलराउंडर ने नई गेंद से प्रभावी गेंदबाजी की और साथ ही मिडिल ऑर्डर में महत्वपूर्ण रन बनाकर भारत को तीसरा टी20 वर्ल्ड कप जीतने में बड़ी भूमिका निभाई। वहीं जसप्रीत बुमराह ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए टूर्नामेंट में 14 विकेट लिए। वह वरुण चक्रवर्ती के साथ सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे। दिलचस्प बात यह रही कि इतने अच्छे प्रदर्शन के बावजूद स्पिनर को एलीट टीम में जगह नहीं मिल सकी।
ये खिलाड़ी भी हैं लिस्ट में
इंग्लैंड के विल जैक्स और आदिल राशिद को भी टीम ऑफ द टूर्नामेंट की प्लेइंग इलेवन में जगह मिली है। इनके अलावा वेस्टइंडीज के जेसन होल्डर, साउथ अफ्रीका के लुंगी एनगिडी और जिम्बाब्वे के ब्लेसिंग मुजरबानी को भी इस टीम में शामिल किया गया। खास तौर पर विल जैक्स का प्रदर्शन पूरे टूर्नामेंट में शानदार रहा और उन्होंने चार बार प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड भी जीता।
ICC T20 वर्ल्ड कप 2026 की टीम: संजू सैमसन, साहिबजादा फरहान, ईशान किशन, एडेन मार्करम (कप्तान), हार्दिक पांड्या, विल जैक्स, जेसन होल्डर, जसप्रीत बुमराह, लुंगी एनगिडी, आदिल राशिद, ब्लेसिंग मुजरबानी