अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच बढ़े तनाव की वजह से कमर्शियल फ्लाइट्स में दिक्कत आ रही है। तनाव की वजह से अंतरराष्ट्रीय एयरस्पेस में कई जगहों पर पाबंदियां लगा दी गई हैं। वहीं मिडल-ईस्ट में खराब हालातों की वजह से वेस्टइंडीज, इंग्लैंड और साउथ अफ्रीका की टीम अभी भारत में ही है। वहीं इनके लिए ICC ने चार्टर फ्लाइट का इंतजाम किया है। इसके तहत इंग्लैंड, दक्षिण अफ्रीका और वेस्ट इंडीज की टीमें इस वीकेंड भारत से रवाना होंगी। रिपोर्ट के मुताबिक, सेमीफाइनल में भारत से हारने वाली इंग्लैंड टीम शनिवार शाम मुंबई से सीधे लंदन के लिए उड़ान भर सकती है।
वेस्ट इंडीज और साउथ अफ्रीका की टीमें टी20 वर्ल्ड कप से बाहर हो चुकी हैं, लेकिन वे अभी भी भारत में ही हैं। वेस्ट इंडीज को 1 मार्च को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में भारत से पांच विकेट से हार मिली थी, जिसके बाद वह टूर्नामेंट से बाहर हो गया। वहीं साउथ अफ्रीका का सफर भी 4 मार्च को खत्म हो गया, जब उसे पहले सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड से हार का सामना करना पड़ा।
चार्टर फ्लाइट से रवाना होगी टीम
एक सोर्स ने PTI को बताया कि, "साउथ अफ्रीका और वेस्ट इंडीज की टीमें कोलकाता से एक चार्टर फ्लाइट के जरिए एक साथ रवाना होंगी। दोनों टीमें पहले जोहान्सबर्ग पहुंचेंगी और वहां से वेस्ट इंडीज की टीम आगे एंटीगुआ के लिए उड़ान भरेगी। फिलहाल फ्लाइट के सटीक समय की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन उम्मीद है कि यह उड़ान रविवार को रवाना होगी।"
रिपोर्ट के मुताबिक, "साउथ अफ्रीका टीम का एक हिस्सा रविवार को न्यूजीलैंड के लिए रवाना होगा, जहां 15 मार्च से शुरू होने वाले सीमित ओवरों के दौरे में हिस्सा लेना है। इस समूह में टीम मैनेजमेंट के कुछ सदस्य और खिलाड़ी केशव महाराज, जेसन स्मिथ और जॉर्ज लिंडे भी शामिल हैं।"
खिलाड़ियों को घर भेजने की तैयारी
क्रिकेट वेस्ट इंडीज ने गुरुवार को बताया कि टीम को स्वदेश वापस भेजने के लिए एक चार्टर फ्लाइट की व्यवस्था की जा रही है। दरअसल खाड़ी क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय हवाई क्षेत्र पर लगी पाबंदियों के कारण टीम चार दिनों से ज्यादा समय तक शहर में फंसी हुई थी, इसलिए अब खास उड़ान से खिलाड़ियों को घर भेजने की तैयारी की गई है।