ODI World Cup 2027: आईसीसी मेंस वनडे वर्ल्ड 2027 को लेकर बड़ी खबर आ रही हैं। वहीं मेंस वनडे वर्ल्ड 2027 इस बार एक खास तारीख से शुरू होने की संभावना है। रिपोर्टों के मुताबिक, टूर्नामेंट की शुरुआत 2 अक्टूबर यानी गांधी जयंती के दिन हो सकती है। गांधीजी का भारत के साथ-साथ दक्षिण अफ्रीका के इतिहास से भी गहरा जुड़ाव रहा है। वहीं 2027 का वर्ल्ड कप साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की संयुक्त मेजबानी में खेला जाएगा। बता दें अभी आईसीसी ने इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं की है।
2 अक्टूबर से शुरू होगा टूर्नामेंट
क्रिकबज के मुताबिक, ICC ने पहले टूर्नामेंट की शुरुआत 8 अक्टूबर से करने की योजना बनाई थी, लेकिन अब इसे बदलकर गांधी की 158वीं जयंती के दिन शुरू करने का फैसला किया गया है। वार्म-अप मुकाबले सितंबर के आखिरी हफ्ते से शुरू होंगे। रिपोर्ट के अनुसार, वर्ल्ड कप का फाइनल 21 नवंबर को खेला जा सकता है।
2027 वनडे वर्ल्ड कप में कुल 14 टीमें हिस्सा लेंगी। भारत, ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, पाकिस्तान, दक्षिण अफ्रीका, श्रीलंका, बांग्लादेश, अफगानिस्तान और जिम्बाब्वे पहले ही क्वालिफाई कर चुके हैं। बाकी चार टीमों का फैसला 2027 की शुरुआत में होने वाले 10 टीमों के क्वालिफायर टूर्नामेंट से होगा, जिसमें नामीबिया, वेस्टइंडीज और आयरलैंड जैसी टीमें खेलेंगी। इस बार वर्ल्ड कप के फॉर्मेट में भी बदलाव किया गया है। शुरुआती चरण में सबसे नीचे रहने वाली तीन टीमों के बीच ‘सुपर सीरीज’ राउंड खेला जाएगा, जिसके बाद अगले 12 टीमों का दौर तय होगा।
कहां-कहां पर होगा मुकाबला
ICC ने 2027 वनडे वर्ल्ड कप के लिए मेजबानी से जुड़े शहरों का ऐलान कर दिया है। जोहान्सबर्ग में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया के कुल 12 शहरों को मैचों की मेजबानी के लिए चुना गया। इनमें दक्षिण अफ्रीका के आठ, जिम्बाब्वे के तीन और नामीबिया की राजधानी विंडहोक शामिल है। इन शहरों में टूर्नामेंट के मुकाबले खेले जाएंगे और क्रिकेट फैंस को अलग-अलग जगहों पर वर्ल्ड कप के रोमांच का अनुभव मिलेगा।