ICC 'प्लेयर ऑफ द मंथ' के लिए नॉमिनेट हुए ये प्लेयर, टी20 वर्ल्ड कप विजेता टीम को नहीं मिली जगह

आईसीसी ने फरवरी महीने के प्लेयर ऑफ द मंथ अवॉर्ड के लिए खिलाड़ियों की शॉर्टलिस्ट जारी की है। आईसीसी ने मेंस प्लेयर ऑफ द मंथ अवॉर्ड की रेस में तीन खिलाड़ियों को शॉर्टलिस्ट किया है। आईसीसी की जारी इस लिस्ट में टी20 वर्ल्ड कप विजेता भारतीय टीम के किसी भी खिलाड़ी का नाम नहीं हैं। वहीं महिलाओं के लिए जारी शॉर्टलिस्ट में एक भारतीय शामिल है

अपडेटेड Mar 16, 2026 पर 5:31 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
आईसीसी ने मेन्स प्लेयर ऑफ द मंथ अवॉर्ड की रेस में तीन खिलाड़ियों को शॉर्टलिस्ट किया है

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने फरवरी महीने के लिए प्लेयर ऑफ द मंथ अवॉर्ड के लिए शॉर्टलिस्ट खिलाड़ियों की लिस्ट जारी कर दी है। आईसीसी ने मेन्स प्लेयर ऑफ द मंथ अवॉर्ड की रेस में तीन खिलाड़ियों को शॉर्टलिस्ट किया है। इसमें पाकिस्तान के ओपनर साहिबजादा फरहान, इंग्लैंड के ऑलराउंडर विल जैक्स और अमेरिका के तेज गेंदबाज शैडली वैन शल्कविक का नाम शामिल हैं। इन तीनों खिलाड़ियों को आईसीसी की टीम ऑफ द टूर्नामेंट में जगह मिली है। इस लिस्ट में टी20 वर्ल्ड कप विजेता भारतीय टीम के किसी भी खिलाड़ी का नाम नहीं हैं।

वहीं महिलाओं के लिए जारी शॉर्टलिस्ट में श्रीलंका की बल्लेबाज हर्षिता समरविक्रमा, पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना और भारत की तेज गेंदबाज अरुंधति रेड्डी का नाम शामिल किया गया है।

साहिबजादा फरहान का रिकॉर्ड


पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान ने टी20 वर्ल्ड कप में शानदार बल्लेबाजी करते हुए सात मैचों में 76.60 की औसत और 160.25 के स्ट्राइक रेट से 383 रन बनाए। इस प्रदर्शन के साथ उन्होंने एक टी20 वर्ल्ड कप एडिशन में सबसे ज्यादा रन बनाने का विराट कोहली का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। फरहान ने नामीबिया और श्रीलंका के खिलाफ शतक लगाकर एक ही वर्ल्ड कप में दो सेंचुरी बनाने वाले पहले खिलाड़ी बनने का भी रिकॉर्ड अपने नाम किया।

विल जैक्स का प्रदर्शन

इंग्लैंड के ऑलराउंडर विल जैक्स ने टूर्नामेंट में बल्ले और गेंद दोनों से शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने नौ टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 173.21 के स्ट्राइक रेट से 192 रन बनाए और गेंदबाजी में 8.04 की इकॉनमी से 11 विकेट भी लिए। उनके इस बेहतरीन खेल की वजह से इंग्लैंड की टीम सेमीफाइनल तक पहुंचने में सफल रही। जैक्स के शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें चार बार प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार भी मिला।

शैडली शल्कविक का रिकॉर्ड

यूएसए के तेज गेंदबाज शैडली वैन शल्कविक ने मेन्स टी20 वर्ल्ड कप में शानदार गेंदबाजी करते हुए चार मैचों में 6.80 की इकॉनमी से कुल 13 विकेट लिए। वह टूर्नामेंट के शुरुआती ग्रुप चरण में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे। उन्होंने भारत और पाकिस्तान के खिलाफ 25 रन देकर चार-चार विकेट लिए, जबकि नीदरलैंड्स के खिलाफ 21 रन देकर तीन विकेट हासिल किए।

महिलाओं को इन्हें किया गया शॉर्टलिस्ट

महिलाओं की कैटगरी में श्रीलंका की बल्लेबाज हर्षिता समरविक्रमा ने वेस्टइंडीज के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने तीन मैचों में 171 रन बनाए और श्रीलंका को 2-1 से सीरीज जीतने में अहम भूमिका निभाई। वहीं पाकिस्तान की फातिमा सना ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन किया। उन्होंने दो वनडे मैचों में 57 रन बनाए और दो विकेट लिए। वहीं टी20 सीरीज में भी वह सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी रहीं, जहां उन्होंने 90 और नाबाद 47 रन की पारियां खेलीं।

दूसरी ओर भारत की अरुंधति रेड्डी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 सीरीज में शानदार गेंदबाजी की। उन्होंने तीन मैचों में कुल आठ विकेट लेकर भारत की 2-1 से जीत में अहम भूमिका निभाई।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।