T20 World Cup Final: वाराणसी के बुनकरों ने क्रिकेट की थीम पर आधारित 15 स्पेशल बनारसी साड़ियां तैयार की हैं, जिन्हें ICC पुरुष टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल के बाद भारतीय टीम के खिलाड़ियों को गिफ्ट के रूप में भेजा जाएगा। भारत और न्यूजीलैंड के बीच ICC मेन्स T20 वर्ल्ड कप 2026 फाइनल से पहले वाराणसी में एक साड़ी व्यापारी ने भारतीय क्रिकेट टीम को एक अनोखा तोहफा दिया है। व्यापारी ने 15 खास बनारसी साड़ियां तैयार की है। इनमें से हर एक को क्रिकेट थीम वाले डिजाइन और भारत की वर्ल्ड कप ट्रॉफी को दिखाने के लिए बारीकी से डिजाइन किया गया है।
लघु उद्योग भारती के काशी प्रांत सचिव सर्वेश श्रीवास्तव ने रविवार (8 मार्च) को बताया कि इन साड़ियों में भारत द्वारा जीते गए सभी वर्ल्ड कप की ट्रॉफी को उनके साल के साथ डिजाइन किया गया है। उन्होंने बताया कि साथ ही इस साल की ट्रॉफी को भी साड़ी के डिजाइन में जगह दी गई है। श्रीवास्तव ने बताया कि पारंपरिक बनारसी पैटर्न में तैयार की गई इन साड़ियों के 'बॉर्डर' पर बैट, बाल और क्रिकेट से जुड़े विशेष डिजाइन बनाए गए हैं।
उन्होंने बताया कि हर साड़ी को अलग-अलग डिब्बे में पैक किया गया है। इनमें से शादीशुदा क्रिकेट खिलाड़ियों को भेंट की जाने वाली साड़ियों में उनकी पत्नी के साथ उनकी तस्वीरें लगी हुई हैं। जबकि अविवाहित खिलाड़ियों को दी जाने वाली साड़ियों में उनकी अपनी तस्वीर लगाई गई है।
श्रीवास्तव ने बताया कि एक साड़ी को तैयार करने में करीब 25 से 30,000 रुपये की लागत आई है। इसे बनाने में कारीगरों को करीब डेढ़ महीने का समय लगा है। उन्होंने बताया कि इस पहल का उद्देश्य भारतीय क्रिकेट टीम का उत्साह बढ़ाना और बनारसी साड़ी की कला को देश-दुनिया तक पहुंचना है।
फाइनल में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
पुलिस के अनुसार रविवार को अहमदाबाद में होने वाले भारत-न्यूजीलैंड टी20 वर्ल्ड कप फाइनल के दौरान सुरक्षा के लिए 3,000 से ज्यादा पुलिसकर्मी, करीब 1,000 होमगार्ड और तीन एंटी-ड्रोन सिस्टम तैनात किया गया है। मैच से पहले पत्रकारों से बात करते हुए अहमदाबाद पुलिस कमिश्नर जीएस मलिक ने कहा कि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
उन्होंने कहा, "नरेंद्र मोदी स्टेडियम में एक ऐतिहासिक टी20 वर्ल्ड कप फाइनल होने वाला है। इसके लिए पुलिस ने सारी तैयारियां पूरी कर ली हैं। सुरक्षा इंतजाम के लिए हम 3,000 से ज्यादा पुलिसकर्मी और करीब 1,000 होमगार्ड तैनात कर रहे हैं।"
मलिक ने कहा कि स्टेडियम के गेट के पास भीड़ या किसी भी अनहोनी को रोकने के लिए इस बार अतिरिक्त सुरक्षा उपाय किए गए हैं। उन्होंने कहा, "इस बार हमने गेट एक और दो के पास मुख्य सड़क की तरफ थोड़ा सा 'होल्डिंग एरिया' बनाया है ताकि भगदड़ की कोई भी संभावना नहीं हो। हालांकि ऐसी घटना यहां पहले कभी नहीं हुई है। लेकिन हमने इसे अतिरिक्त सावधानी के तौर पर बनाया है। हम पहली बार किसी मैच के दौरान ऐसा कर रहे हैं।"
मलिक ने कहा कि इंतजामों की देखरेख के लिए सीनियर अधिकारी भी वेन्यू पर तैनात रहेंगे। पुलिस ने महिला दर्शकों की सुरक्षा और सुविधा पक्का करने के लिए भी खास इंतजाम किए हैं। मैच के दौरान दर्शकों को खेलने की जगह में घुसने से रोकने के लिए स्टेडियम के अंदर भी खास इंतजाम किए गए हैं।