India vs Pakistan T20 World Cup 2026 Match: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के जमाने में सच और मनगढ़ंत बातों में फर्क करना बहुत मुश्किल हो गया है। ऐसा ही कुछ पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर शोएब मलिक के साथ हुआ है। एक पाकिस्तानी क्रिकेट शो में BCCI के वाइस-प्रेसिडेंट राजीव शुक्ला का एक AI ऑडियो चलाने को लेकर मलिक आलोचनाओं के घेरे में हैं। यह ऑडियो T20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खेलने को लेकर था।
'ARY न्यूज' पर क्रिकेट टॉक शो में शोएब मलिक ने कांग्रेस सांसद राजीव शुक्ला का एक कथित AI ऑडियो क्लिप दिखाया। इसमें वह भारत-पाकिस्तान के हाई-वोल्टेज मैच के बॉयकॉट पर पाकिस्तान के नाटकीय यू-टर्न पर रिएक्शन दे रहे थे। क्रिकेट शो में मलिक को यह कहते हुए सुना जा सकता है, "मैं आपको BCCI वाइस-प्रेसिडेंट राजीव शुक्ला की एक क्लिप दिखाना चाहता हूं।"
इसके बाद क्लिप में राजीव शुक्ला से कुछ हद तक मिलती-जुलती एक आवाज सुनाई देती है। इसमें वह कहते हैं, "पाकिस्तान को भारत के खिलाफ खेलने के लिए मनाने के लिए BCCI के बार-बार अनुरोध पर ICC के प्रतिनिधि द्वारा शुरू की गई बातचीत का नतीजा देखकर मैं बहुत खुश हूं। यह एक अच्छा समाधान है। आपसी सहमति से निकाला गया समाधान है जो खेल के लिए जरूरी क्रिकेट को प्राथमिकता देने के लिए निकाला गया है। यही किया गया है।"
हालांकि, बाद में पता चला कि यह ऑडियो AI जनरेटेड था। खुद राजीव शुक्ला के इस ऑडियो-वीडियो को फर्जी करार दिया है। कांग्रेस नेता ने बुधवार को X पर लिखा, "इंडिया पाकिस्तान वर्ल्ड कप मैच पर मेरी बातों के एक वीडियो में AI का इस्तेमाल करके ऑडियो बदल दिया गया है। ये बातें मेरी नहीं हैं। मैं सभी से गुजारिश करता हूं कि इस गुमराह करने वाले कंटेंट पर यकीन न करें। इसे शेयर न करें और जहां भी ऐसे वीडियो दिखें, इसकी रिपोर्ट करें।"
बता दें कि बांग्लादेश और श्रीलंका के आग्रह के बाद पाकिस्तान सरकार ने बहिष्कार की अपील वापस लेने का फैसला किया है। इसका मतलब है कि भारत और पाकिस्तान के बीच मैच निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 15 फरवरी को ही होगा। इससे पहले पाकिस्तान ने कहा था कि वह भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलेगा।
बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर किए जाने से जुड़ा राजनीतिक विरोध माना जा रहा था। ICC ने बांग्लादेश के सुरक्षा कारणों से अपने मैच भारत से श्रीलंका में शिफ्ट करने के अनुरोध को अस्वीकार कर दिया था। इसके बाद बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया गया था। उसकी जगह स्कॉटलैंड को दे दी गई थी।
राजीव शुक्ला ने क्या कहा था?
BCCI के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने मंगलवार को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) की प्रशंसा करते हुए कहा था कि उसने बहुत अच्छा समाधान निकाला। इसके कारण पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप मैच का बहिष्कार वापस ले लिया। शुक्ला ने पत्रकारों से कहा, "मैं बीसीसीआई की तरफ से आईसीसी अध्यक्ष (जय शाह) और उसके पदाधिकारियों का बहुत अच्छा समाधान निकालने के लिए आभार व्यक्त करना चाहता हूं। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के साथ चर्चा के बाद और सभी पक्षों की बात सुनने के बाद यह निर्णय लिया गया है।"
उन्होंने कहा, "यह फैसला क्रिकेट के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। क्रिकेट जारी रहना चाहिए और अब विश्व कप को बड़ी सफलता मिलेगी। जहां तक आईसीसी का सवाल है तो यह एक बड़ी उपलब्धि है। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने भी आईसीसी की प्रशंसा की है। उसने सभी पक्षों की बात सुनी और सभी के हितों को ध्यान में रखते हुए यह फैसला किया।" शुक्ला ने आगे कहा, "आखिर में क्रिकेट सभी के लिए सबसे महत्वपूर्ण है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट सभी के लिए महत्वपूर्ण है।"