टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल में न्यूजीलैंड के डेरिल मिचेल और भारत के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह के बीच नोक-झोंक देखने को मिली थी। फाइनल मुकाबले के दौरान अर्शदीप सिंह का एक थ्रो डेरिल मिचेल को लगी थी, जिसके बाद वह काफी गुस्से में नजर आ रहे थे। वहीं अब आईसीसी ने अर्शदीप सिंह पर एक्शन लिया है। आईसीसी ने इस मुकाबले के दौरान अर्शदीप सिंह पर लेवल-1 कोड ऑफ कंडक्ट का उल्लंघन करने का दोषी पाया गया है। इसके साथ नियम तोड़ने के मामले में मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना लगाया है।
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने मंगलवार को जारी अपनी आधिकारिक प्रेस रिलीज में बताया कि अर्शदीप सिंह को खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के लिए बनाए गए ICC कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.9 का उल्लंघन करते हुए पाया गया। यह नियम इंटरनेशनल मैच के दौरान किसी खिलाड़ी की ओर या उसके पास गलत या खतरनाक तरीके से गेंद या क्रिकेट से जुड़ा कोई अन्य सामान फेंकने से संबंधित है। जुर्माने के साथ-साथ अर्शदीप सिंह के अनुशासन रिकॉर्ड में एक डिमेरिट प्वाइंट भी जोड़ा गया है। पिछले 24 महीनों में यह उनकी पहली गलती मानी गई है।
अर्शदीप ने मैच रेफरी एंडी पायक्रॉफ्ट द्वारा दिए गए जुर्माने को स्वीकार कर लिया था, इसलिए इस मामले में अलग से औपचारिक सुनवाई कराने की जरूरत नहीं पड़ी। आईसीसी के नियमों के मुताबिक लेवल-1 उल्लंघन होने पर खिलाड़ी को आधिकारिक चेतावनी दी जा सकती है या उसकी मैच फीस का अधिकतम 50 प्रतिशत तक जुर्माना लगाया जा सकता है। इसके साथ ही खिलाड़ी को एक या दो डिमेरिट पॉइंट भी दिए जाते हैं। अगर कोई खिलाड़ी 24 महीनों के भीतर चार या उससे ज्यादा डिमेरिट पॉइंट जमा कर लेता है, तो इन्हें सस्पेंशन पॉइंट में बदल दिया जा सकता है।
ये घटना न्यूजीलैंड की पारी के 11वें ओवर में हुई। उस समय अर्शदीप सिंह गेंदबाजी कर रहे थे और डेरिल मिचेल उनकी गेंदों पर पहले ही दो छक्के लगा चुके थे। पांचवीं गेंद पर अर्शदीप ने सीधी गेंद फेंकी, जिसे उन्होंने फॉलो-थ्रू में रोक लिया। इसी दौरान उन्हें लगा कि मिचेल रन लेने की कोशिश कर सकते हैं, इसलिए उन्होंने गेंद विकेट की ओर फेंक दी, लेकिन गेंद जाकर मिचेल के पैर पर लग गई। इसके बाद मिचेल दर्द से परेशान नजर आए और उन्होंने अंपायर से शिकायत भी की, जिस पर अंपायर ने अर्शदीप को बुलाकर चेतावनी दी। कप्तान सूर्या ने भी आकर मिचेल से बात की। वहीं ओवर खत्म होने के बाद अर्शदीप और डेरिल मिशेल मैदान पर एक-दूसरे से हाथ मिलाते हुए भी नजर आए।