टी20 वर्ल्ड कप 2026 के खत्म होने के बाद इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने नई टी20 इंटरनेशनल रैंकिंग जारी कर दी है। आईसीसी की जारी की गई रैकिंग में इस बार बल्लेबाजों, गेंदबाजों और ऑलराउंडरों की सूची में कई बदलाव देखने को मिले हैं। जारी रैंकिंग में कई भारतीय खिलाड़ियों ने लंबी छलांग लगाई है। टी20 वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन करने वाले ईशान किशन और संजू सैमसन को रैकिंग में काफी फायदा मिला है। वहीं गेंदबाजी में वरुण चक्रवर्ती की रैंकिंग में नुकसान हुआ है। आइए जानते हैं कौन सा खिलाड़ी किस नंबर पर है।
पहले नंबर पर है अभिषेक शर्मा
आईसीसी की नई टी20 बल्लेबाज रैंकिंग में अभिषेक शर्मा का जलवा कायम है। अभिषेक ने T20 वर्ल्ड कप फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ तेज-तर्रार हाफ सेंचुरी लगाने के बाद अभिषेक शर्मा पहले नंबर पर बने हुए हैं। वहीं पूरे टूर्नामेंट में 317 रन बनाने की बदौलत ईशान दो स्थान ऊपर चढ़कर कुल मिलाकर दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। ईशान किशन ने 871 रेटिंग पॉइंट्स के साथ अपने करियर की सबसे बेहतरीन रेटिंग हासिल की है और वह टॉप पर मौजूद अभिषेक शर्मा (875 पॉइंट्स) से सिर्फ चार अंक पीछे हैं।
वहीं टी20 वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन के बाद न्यूजीलैंड के टिम सीफर्ट चार स्थान ऊपर चढ़कर छठे नंबर पर पहुंच गए हैं। इंग्लैंड के जैकब बेथेल ने भी अच्छी पारियों की बदौलत बड़ी छलांग लगाई है और 17 स्थान ऊपर चढ़कर 16वें नंबर पर पहुंच गए हैं। वहीं वर्ल्ड कप में शानदार बल्लेबाजी करने वाले संजू सैमसन 18 स्थान की छलांग लगाकर 22वें पायदान पर पहुंच गए हैं। वहीं शिवम दुबे रैंकिंग में 4 स्थान ऊपर चढ़कर 27वें नंबर पर पहुंच गए हैं।
पहले नंबर से खिसके वरुण चक्रवर्ती
टी20आई गेंदबाजों की नई आईसीसी रैंकिंग में भी बदलाव देखने को मिला है। टी20 वर्ल्ड कप खत्म होने के बाद भारत के स्पिनर वरुण चक्रवर्ती नंबर-1 की पोजीशन खो बैठे और अफगानिस्तान के स्टार स्पिनर राशिद खान फिर से टॉप पर पहुंच गए। वरुण चक्रवर्ती अब 740 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर हैं, जबकि राशिद खान 753 अंकों के साथ पहले नंबर पर हैं। वहीं टूर्नामेंट में अच्छे प्रदर्शन का फायदा कुछ अन्य गेंदबाजों को भी मिला है।
इंग्लैंड के आदिल राशिद एक स्थान ऊपर चढ़कर चौथे नंबर पर पहुंच गए हैं, जबकि भारत के जसप्रीत बुमराह छठे स्थान पर आ गए हैं। इसके अलावा अक्षर पटेल ने भी शानदार छलांग लगाते हुए छह स्थान ऊपर चढ़कर 17वां स्थान हासिल कर लिया है।
ऑलराउंडर हार्दिक की रैंकिंग सुधरी
आईसीसी की नई टी20आई ऑलराउंडर रैंकिंग में भी कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा और भारत के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ने इस हफ्ते अपने करियर की सबसे अच्छी रेटिंग हासिल की और रैंकिंग में पहले दो स्थानों पर जगह बनाई। वहीं भारत के शिवम दुबे की रैंकिंग में गिरावट आई है और वह नौवें स्थान से खिसककर 11वें नंबर पर पहुंच गए हैं।