टी20 वर्ल्ड कप शुरू होने में अब कुछ ही दिन बचे हैं, लेकिन पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की नौटंकी खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान की टीम भाग लेगी या नहीं इस पर अभी संशय बरकरार है। पाकिस्तान की टीम टी20 वर्ल्ड कप में खेलेगी या नहीं इस पर शुक्रवार को फैसला लिया जा सकता है। टी20 वर्ल्ड कप बाहर हुए बांग्लादेश टीम के समर्थन में पाकिस्तान ने टूर्नामेंट से हटने की धमकी दिया है। प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से मुलाकात के बाद पीसीबी चेयरमैन मोहसिन नकवी ने कहा कि बोर्ड टी20 वर्ल्ड कप में खेलने पर अंतिम फैसला शुक्रवार या अगले सोमवार तक करेगा।
इन सब विवादों के बीच आइसलैंड क्रिकेट ने इस पूरे मामले पर मजाकिया अंदाज में अपना रिएक्शन दिया है। आइसलैंड क्रिकेट का ये रिएक्शन सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
आइसलैंड क्रिकेट ने किया मजाकिया पोस्ट
बुधवार को X पर पोस्ट करते हुए आइसलैंड क्रिकेट बोर्ड ने कहा कि अगर पाकिस्तान टूर्नामेंट से हटता है, तो आइसलैंड की टीम खेलने के लिए तैयार है। आइसलैंड क्रिकेट ने PCB से जल्द फैसला लेने की अपील भी की, जिसमें शामिल लॉजिस्टिक चुनौतियों पर जोर दिया गया। आइसलैंड क्रिकेट ने लिखा, “हमें सच में पाकिस्तान से टी20 वर्ल्ड कप में अपनी हिस्सेदारी पर जल्द फैसला लेने की जरूरत है।। अगर वे 2 फरवरी को टूर्नामेंट से हटते हैं, तो हम तुरंत रवाना होने के लिए तैयार हैं। लेकिन 7 फरवरी तक सही समय पर कोलंबो पहुंचना फ्लाइट शेड्यूल के लिहाज से एक बड़ी लॉजिस्टिक चुनौती है।”
पोस्ट में कोलंबो जाने वाली फ्लाइट्स के स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए आइसलैंड क्रिकेट ने मजाक में लिखा, “हमारा ओपनिंग बल्लेबाज नींद न आने की समस्या से परेशान हो गया है।” तस्वीरों में केफ्लाविक से कोलंबो तक की लंबी उड़ानों को दिखाया गया था, जिनमें सफर का समय करीब 19 से 27 घंटे बताया गया और कई जगह रुकने की जरूरत थी। इस मजाकिया पोस्ट के अंत में आइसलैंड क्रिकेट ने फिर कहा कि उनके ओपनिंग बल्लेबाज की नींद न आना उनके लिए फायदे की बात बन गया है।
कुछ रिपोर्ट्स में ये भी कहा जा रहा है कि अगर पाकिस्तान टूर्नामेंट से हटता है, तो ग्रुप A में उसकी जगह युगांडा को शामिल किया जा सकता है। हालांकि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने अभी तक T20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान की भागीदारी को अंतिम मंजूरी नहीं दी है, लेकिन खबर है कि बोर्ड ने भारत के खिलाफ मैच न खेलने का ऑप्शन खुला रखा है।
भारत के खिलाफ मैच का कर सकता है बहिष्कार
टेलीकॉम एशिया स्पोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान पहले अपने शुरुआती दो मुकाबलों 7 फरवरी को नीदरलैंड्स और 10 फरवरी को USA में टीम के प्रदर्शन का इंतजार करेगा। अगर पाकिस्तान दोनों मैच जीत लेता है, तो वह 15 फरवरी को कोलंबो में भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ खेलने से बच सकता है। रिपोर्ट्स के अनुसार, PCB के लिए टूर्नामेंट का बहिष्कार करना मुश्किल हो सकता है, क्योंकि इससे कानूनी और आर्थिक नुकसान हो सकता है। खासकर भारत के खिलाफ मैच से हटने पर ब्रॉडकास्ट समझौते के कारण बड़ा नुकसान होने की चेतावनी दी गई है।