T20 World Cup से बाहर हुआ पाकिस्तान तो इस टीम की खुलेगी किस्मत, मिलेगी वर्ल्ड कप में एंट्री

Pakistan Cricket Board: बांग्लादेश 2026 टी20 वर्ल्ड कप से बाहर हो चुका है और उसकी जगह स्कॉटलैंड को शामिल किया गया है। अब पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन मोहसिन नकवी ने टूर्नामेंट से हटने की धमकी दी है। वहीं अगर पाकिस्तान टूर्नामेंट से हटता है तो कौन लेगा उसकी जगह

अपडेटेड Jan 25, 2026 पर 5:04 PM
Story continues below Advertisement
टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान की भागीदारी पर फैसला सिर्फ सरकार ही करेगी

बांग्लादेश अब आधिकारिक रूप से 2026 टी20 वर्ल्ड कप से बाहर हो चुका है। अब पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन मोहसिन नकवी ने वर्ल्ड कप से हटने की धमकी दी है। अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी है कि क्या पाकिस्तान 7 फरवरी से शुरू होने वाले टी20 वर्ल्ड कप टूर्नामेंट से हटने का फैसला करेगा। टी20 वर्ल्ड कप टूर्नामेंट को भारत और श्रीलंका मिलकर होस्ट कर रहे हैं। हाल ही में बांग्लादेश के बाहर होने के बाद उसकी जगह स्कॉटलैंड को शामिल किया गया है। वहीं अगर पाकिस्तान टूर्नामेंट से हटता है तो कौन लेगा उसकी जगह

कौन सी टीम लेगी जगह

अगर पाकिस्तान टूर्नामेंट से हटता है तो आईसीसी नई टी20 इंटरनेशनल रैंकिंग के आधार पर युगांडा को शामिल करेगा। ऐसे में युगांडा को ग्रुप A में भारत, नामीबिया, अमेरिका और नीदरलैंड्स के साथ रखा जाएगा। युगांडा पहले भी 2024 टी20 वर्ल्ड कप खेल चुका है, लेकिन टीम पहले दौर से आगे नहीं बढ़ पाई थी।


पीसीबी ने किया था बांग्लादेश का समर्थन

आईसीसी ने विशेषज्ञों से सुरक्षा जांच कराने के बाद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड की चिंताओं को खारिज कर दिया। इसके बाद आईसीसी ने सुरक्षा और संचालन की पूरी योजना बीसीबी के साथ साझा की और उन्हें पूरी सुरक्षा का भरोसा दिया। इस पूरे मामले में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ही एकमात्र फुल मेंबर बोर्ड था, जिसने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड की उस मांग का समर्थन किया। पाकिस्तान ने भारत के बाहर ग्रुप मैच कराने की बात कही गई थी।

सरकार लेगी फैसला

इस बीच मोहसिन नकवी ने बयानबाजी जारी रखते हुए शनिवार को कहा कि टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान की भागीदारी पर फैसला सिर्फ सरकार ही करेगी। उन्होंने कहा, “हम वर्ल्ड कप खेलेंगे या नहीं, यह फैसला सरकार लेगी। हमारे प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ इस समय देश से बाहर हैं। उनके लौटने के बाद उनसे सलाह ली जाएगी। सरकार का फैसला अंतिम होगा और वही माना जाएगा। अगर सरकार मना करती है, तो आईसीसी किसी दूसरी टीम को बुला सकती है।”

हालांकि नकवी ने पाकिस्तान की भागीदारी को लेकर सस्पेंस बनाए रखने की कोशिश की, लेकिन टूर्नामेंट से हटने का फैसला टीम पर गंभीर असर डाल सकता है। इसी बीच यह भी देखने को मिला कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने रविवार को टी20 वर्ल्ड कप के लिए अपनी 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया, जिससे स्थिति और भी दिलचस्प हो गई है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।